Rajasthan: गजेंद्र सिंह शेखावत बोले, कांग्रेस के बाड़ेबंदी एक्सपर्ट मुख्यमंत्री बन चुके हैं अशोक गहलोत

Rajasthan गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि असम में अभी नतीजे आए नहीं हैं और कांग्रेस को हार का भूत डराने लगा है। असम के अपने और सहयोगी दल के प्रत्याशियों को राजस्थान लाकर कांग्रेस पार्टी ने फिर बाड़ेबंदी का सहारा लिया है।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Publish:Sat, 10 Apr 2021 03:49 PM (IST) Updated:Sat, 10 Apr 2021 05:04 PM (IST)
Rajasthan: गजेंद्र सिंह शेखावत बोले, कांग्रेस के बाड़ेबंदी एक्सपर्ट मुख्यमंत्री बन चुके हैं अशोक गहलोत
गजेंद्र सिंह शेखावत बोले, कांग्रेस के बाड़ेबंदी एक्सपर्ट मुख्यमंत्री बन चुके हैं अशोक गहलोत। फाइल फोटो

जोधपुर, संवाद सूत्र। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि अशोक गहलोत कांग्रेस के बाड़ेबंदी एक्सपर्ट मुख्यमंत्री बन चुके हैं। अपने ही नेताओं को कैद करने की जादूगरी उनसे अच्छी कोई नहीं कर सकता। जोधपुर सांसद शेखावत ने शनिवार को ट्वीट कर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर कटाक्ष किया। शेखावत ने कहा कि असम में अभी नतीजे आए नहीं हैं और कांग्रेस को हार का भूत डराने लगा है। असम के अपने और सहयोगी दल के प्रत्याशियों को राजस्थान लाकर कांग्रेस ने फिर बाड़ेबंदी का सहारा लिया है। वैसे मुख्यमंत्री जी का मुख्य काम यही है। फाइव स्टार सेवाओं का बाड़ा बनाकर अपने ही नेताओं को कैद करना। शेखावत ने तंज कसते हुए कहा कि इस बार तो दूसरी पार्टी के नेताओं को भी बंदी बना लिया गया है। गहलोत को कांग्रेस का जेलर कहना ही सही होगा। वो अब अपने ही नेताओं पर जादूगरी से कैद करने में महारथ हासिल कर चुके हैं।

कोलकाता में शेखावत के काफिले पर हमले से जोधपुर के भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिम बंगाल प्रवास के दौरान कोलकाता में जनसंपर्क कर रहे जोधपुर सांसद व केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत व वहां के भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला व तोड़फोड़ करने की घटना पर कड़ा रोष जताया है। भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र जोशी, जिला महामंत्री देवेन्द्र सालेचा, महेन्द्र मेघवाल व डाॅ. करणी सिंह खीची व भाजपा संभाग मीडिया प्रमुख अचल सिंह मेड़तिया ने इस घटना पर आक्रोष व्यक्त किया है। भाजपा जोधपुर संभाग मीडिया प्रमुख अचल सिंह मेड़तिया ने बताया कि जोधपुर सांसद गत साढ़े तीन माह से कोलकाता के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ शांतिपूर्ण तरीके से भाजपा का चुनाव प्रचार कर रहे हैं। चौथे चरण के मतदान से एक दिन पहले कोलकाता में टीएमसी कार्यकर्ताओं का तांडव देखने का मिला।

भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र जोशी व भाजपा के पदाधिकारियों ने कहा कि बंगाल में तृणमूल कांग्रेस का आतंक चरम पर है, खुद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अपने कार्यकर्ताओं को उकसा रही है। इसी के चलते भाजपा के कार्यकर्ताओं पर चुनाव प्रचार के दौरान कातिलाना हमले किए जा रहे हैं। शेखावत की गाड़ी के कांच फोड़ दिए गए, लेकिन स्थानीय प्रशासन व पुलिसकर्मी मूकदर्शक पूरा दृश्य देखते रहे। भाजपा के जिला महामंत्री व पूर्व महापौर देवेन्द्र सालेचा ने कहा कि बंगाल में ममता दीदी की कुर्सी हिल रही है इसलिए निरंतर भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला किया जा रहा है। बंगाल बड़े स्तर पर राजस्थानियों का ध्रुवीकरण भाजपा के पक्ष में हुआ है। इसी के चलते ममता दीदी और टीएमसी के कार्यकर्ताओं ने बौखलाहट में मंत्री शेखावत व भाजपा के कार्यकर्ताओं पर हमला करके ओछी मानसिकता का परिचय दिया है। शेखावत पर किया गया हमला निंदनीय है।

chat bot
आपका साथी