Corona Vaccination: राजस्थान में चार करोड़ लोगों का हुआ वैक्सीनेशन

Corona Vaccination चिकित्सा व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने बताया कि राजस्थान में 18 साल से ज्यादा उम्र के पांच करोड़ 14 लाख 95 हजार 402 लोग हैं जिनका वैक्सीनेशन होना है। इनमें से अब करीब 59 फीसद लोगों का वैक्सीनेशन हो चुका है।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Publish:Sun, 22 Aug 2021 09:10 PM (IST) Updated:Sun, 22 Aug 2021 09:10 PM (IST)
Corona Vaccination: राजस्थान में चार करोड़ लोगों का हुआ वैक्सीनेशन
राजस्थान में चार करोड़ लोगों का हुआ वैक्सीनेशन। फाइल फोटो

जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान में कोरोना वैक्सीन लगवाने वालों की संख्या चार करोड़ के करीब हो गई है। राज्य में तीन करोड़ 86 हजार 391 लोगों को एक डोज और 95 लाख 96 हजार 962 लोगों को वैक्सीन की दोनों डोज लग चुकी है। वैक्सीनेशन के मामले में उत्तर प्रदेश और गजरात के बाद राजस्थान ने रिकॉर्ड बनाया है। उत्तर प्रदेश में पांच करोड़ से ज्यादा लोगों का वैक्सीनेशन हो चुका है। वहीं, गुजरात में चार करोड़ से ज्यादा लोगों ने वैक्सीन लगवाई है। चिकित्सा व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने बताया कि राजस्थान में 18 साल से ज्यादा उम्र के पांच करोड़ 14 लाख 95 हजार 402 लोग हैं, जिनका वैक्सीनेशन होना है। इनमें से अब करीब 59 फीसद लोगों का वैक्सीनेशन हो चुका है।

इनमें से करीब 19 फीसद आबादी ऐसी है, जिसके वैक्सीन की दोनों डोज लग चुकी हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि 58 फीसद लाभार्थियों को वैक्सीनेशन होने से राज्य में जल्द हर्ड इम्युनिटी विकसित हो जाती है। यह कोरोना की तीसरी लहर को रोकने के लिए अहम साबित हो सकती है। चिकित्सा विभाग के अनुसार, राज्य में सबसे ज्यादा वैक्सीनेशन जयपुर जिले में हुआ है। जयपुर में कुल 50 लाख आठ हजार 281 का वैक्सीनेशन होना है। इनमें से अब तक तीन लाख 91 हजार 568 लोग ही वैक्सीनेशन के दायरे में आए हैं। इन लोगों को अब तक पहली डोज लगाई जा चुकी है। चिकित्सा मंत्री का कहना है कि वैक्सीनेशन के लिए अभियान निरंतर चलाया जा रहा है, लेकिन केंद्र सरकार से जरूरत के अनुसार डोज नहीं मिलने के कारण कई बार वैक्सीनेशन का काम धीमा हो जाता है।

गौरतलब है कि राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने वीरवार को ट्वीट में लिखा है कि पिछले कुछ सप्ताह से प्रदेश में कोविड के नए मामलों की संख्या 20 के करीब रही है। अगस्त में प्रदेश में कोरोना से एक भी मौत नहीं हुई है, जोकि काफी संतोषजनक है। प्रदेश में 153 एक्टिव केस हैं। रिकवरी रेट 99 फीसद से भी अधिक है। इससे पता चलता है कि प्रदेश में कोविड काबू में है। कोविड की तीसरी लहर ना आए, इसलिए कोविड प्रोटोकॉल का पालन आवश्यक है। घर से बाहर हमेशा मास्क लगाएं, दो गज की दूरी बनाएं व हाथ धोएं। अपनी बारी आने पर वैक्सीन अवश्य लगवाएं। आजकल लक्षण दिखने पर भी लोग टेस्ट नहीं करवाते। ऐसा ना करें व कोविड के लक्षण दिखने पर टेस्ट अवश्य करवाएं। प्रदेश में पहले के मुताबिक कोरोना के मामलों में काफी कमी आई है।

chat bot
आपका साथी