Rajasthan: निम्बाहेड़ा के देवकिशन गर्ग उठाएंगे सौ दिन तक सौ बेड का खर्च

Rajasthan निम्बाहेड़ा मूल के दिल्ली में रह रहे गर्ग निम्बाहेड़ा कोरोना संक्रमितों के सहयोग के लिए सामने आए हैं। वह निम्बाहेड़ा में सौ बेड के आइसोलेशन वार्ड का खर्चा उठाएंगे। साथ ही पचास ऑक्सीजन वार्ड तथा पांच वेंटीलेटर का खर्च उठाएंगे।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Publish:Wed, 28 Apr 2021 10:35 PM (IST) Updated:Wed, 28 Apr 2021 10:35 PM (IST)
Rajasthan: निम्बाहेड़ा के देवकिशन गर्ग उठाएंगे सौ दिन तक सौ बेड का खर्च
निम्बाहेड़ा के देवकिशन गर्ग उठाएंगे सौ दिन तक सौ बेड का खर्च। फाइल फोटो

उदयपुर, सुभाष शर्मा। Rajasthan: कोरोना महामारी के दौरान देश के सभी राज्य प्रभावित हैं। रेमडेसिविर इंजेक्शन और ऑक्सीजन की कमी हर जगह बनी हुई है। ऐसे में निम्बाहेड़ा के देवकिशन गर्ग ने सुकून भरी खबर दी है। निम्बाहेड़ा मूल के दिल्ली में रह रहे गर्ग निम्बाहेड़ा कोरोना संक्रमितों के सहयोग के लिए सामने आए हैं। वह निम्बाहेड़ा में सौ बेड के आइसोलेशन वार्ड का खर्चा उठाएंगे। साथ ही, पचास ऑक्सीजन वार्ड तथा पांच वेंटीलेटर का खर्च उठाएंगे। इस संबंध में उन्होंने चित्तौड़गढ़ के जिला कलेक्टर ताराचंद मीणा से मुलाकात की है। उन्होंने कहा कि वह वार्ड स्थापित किए जाने से लेकर सौ दिन तक का पूरा खर्चा वहन करेंगे। देवकिशन गर्ग के पिता निम्बाहेड़ा स्थित जेके सीमेंट उद्योग में सेवारत थे। उनके देहांत के बाद वह तेरह साल पहले दिल्ली शिफ्ट हो गए तथा वहीं रिसर्च एनालिस्ट के रूप में शेयर बाजार में कार्यरत हैं।

पिछले दिनों उनकी निम्बाहेड़ा स्थित मुंह बोली बहन शाहिदा खान से बातचीत हुई, जो उप जिला चिकित्सालय में सेवारत हैं। गर्ग को पता चला कि कोरोना महामारी के चलते निम्बाहेड़ावासी भी बेहद परेशान हैं। उपचार के लिए बेड तक उपलब्ध नहीं हो पा रहे। ऑक्सीजन सिलेंडरों की कमी तथा वेंटीलेटर की कमी से अस्पताल जूझ रहा है। ऐसे में देव किशन गर्ग ने कहा कि वह अपने खर्चे पर निम्बाहेड़ा में आइसोलेशन के लिए सौ बेड, पचास बेड ऑक्सीजन तथा पांच वेंटीलेटर का खर्चा उठाने को तैयार हैं। जिस पर शाहिदा खान ने अस्पताल के प्रभारी प्रमुख चिक्तिसा अधिकारी डॉ. मंसूर खान से बात की।

डॉ. खान ने गर्ग के प्रस्ताव को लेकर उपखंड अधिकारी चंद्रशेखर भंडारी तथा जिला कलेक्टर ताराचंद मीणा से बात की। उनकी मंजूरी मिलने पर सोमवार को गर्ग निम्बाहेड़ा आए तथा यहीं उपखंड अधिकारी कार्यालय में जिला कलेक्टर मीणा को अपनी योजना के बारे में बताया। गर्ग ने कहा कि वह सौ दिन तक सौ बेड पर होने वाले समूचे खर्चे को उठाने के लिए तैयार हैं। दस से पंद्रह दिनों में पचास बेड के लिए ऑक्सीजन तथा पांच बेड के लिए वेंटीलेटर की व्यवस्था भी अपने खर्चे पर कर देंगे। अब उप जिला अस्पताल इसकी व्यवस्था में जुट गया है। इस मामले में उप जिला अस्पताल के पीएमओ डॉ. मंसूर का कहना है कि निम्बाहेड़ा कोरोना महामारी का दंश झेल चुका है। गर्ग की तरह अन्य भामाशाह सामने आएं तो इस महामारी से लड़ने में जल्द सफलता मिलेगी।

दिल्ली में बीस हजार से अधिक लोगों के भोजन की व्यवस्था कर चुके हैं गर्ग

बताया गया कि गर्ग इससे पहले भी कोरोना संक्रमित लोगों तथा उनके परिवारजनों की मदद के लिए हाथ बढ़ा चुके हैं। दिल्ली में बाइस हजार लोगों को नि:शुल्क भोजन के साथ हजारों परिवारों को सेनिटाइजर तथा मास्क का वितरण कर चुके हैं।

chat bot
आपका साथी