सीटी रवि ने कर्नाटक में मुख्यमंत्री बदले जाने की चर्चा को किया खारिज, बोले-राजस्थान में भाजपा बनाएगी सरकार

Rajasthan वसुंधरा राजे और सतीश पूनिया खेमों के बीच चल रही पोस्टर वार की चर्चा करते हुए रवि ने कहा कि भाजपा में प्रोटाेकॉल तय है। केंद्र में प्रधानमंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष के फोटो पोस्टर व होर्डिंग्स पर लगाए जाते हैं वहीं जिन राज्यों में भाजपा की सरकार है।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Publish:Wed, 21 Jul 2021 09:31 PM (IST) Updated:Wed, 21 Jul 2021 09:31 PM (IST)
सीटी रवि ने कर्नाटक में मुख्यमंत्री बदले जाने की चर्चा को किया खारिज, बोले-राजस्थान में भाजपा बनाएगी सरकार
सीटी रवि ने कर्नाटक में मुख्यमंत्री बदले जाने की चर्चा को किया खारिज, बोले-राजस्थान में भाजपा बनाएगी सरकार

जागरण संवाददाता, जयपुर। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सीटी रवि ने कर्नाटक में मुख्यमंत्री बदलने की चर्चा को खारिज करते हुए कहा कि वहां ऐसा नहीं हो रहा है। इस बारे में पार्टी नेतृत्व किसी तरह से विचार नहीं कर रहा है। रवि ने कहा कि राजस्थान में यदि कल विधानसभा चुनाव हो जाते हैं तो भाजपा भारी बहुमत से सरकार बनाएगी। बुधवार को जयपुर में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में पार्टी चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार है। सभी नेता कांग्रेस सरकार को सत्ता से दूर करने के लिए एकजुट हैं। राज्य भाजपा में गुटबाजी से इनकार करते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व के पास यहां के बारे में पूरी रिपोर्ट है। विचारों की भिन्नता हो सकती है, लेकिन गुटबाजी नहीं है।

राज्य में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया खेमों के बीच चल रही पोस्टर वार की चर्चा करते हुए रवि ने कहा कि भाजपा में प्रोटाेकॉल तय है। केंद्र में प्रधानमंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष के फोटो पोस्टर व होर्डिंग्स पर लगाए जाते हैं, वहीं जिन राज्यों में भाजपा की सरकार है। वहां मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष की फोटो लगाई जाती है। दरअसल, राज्य में संगठन की ओर से लगाए जाने वाले होर्डिंग्स व पोस्टर पर वसुंधरा के पोस्टर नहीं होने पर उनके समर्थक कई बार नाराजगी जता चुके हैं। पेट्रोल और डीजल के दामों में होती बढ़ोतरी पर उन्होंने कहा कि यह कोरोना संक्रमण के कारण हो रहा है। रवि ने यहां प्रदेश पदाधिकारियों, आईटी और मीडिया सेल के प्रतिनिधियों की बैठक को संबोधित किया।

वसुंधरा समर्थकों ने प्रदेश नेतृत्व की शिकायत की

वसुंधरा समर्थक भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, पूर्व मंत्री राजपाल सिंह शेखावत और भवानी सिंह राजावत ने रवि से मुलाकात कर प्रदेश नेतृत्व की शिकायत की। तीनों नेताओं ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया और उनकी टीम वसुंधरा खेमे को दरकिनार करने में जुटी है। संगठनात्मक गतिविधियों से दूर रखा जाता है। तीनों नेताओं ने कुछ दस्तावेज भी रवि को सौंपे, जिनमें वसुंधरा खेमे को दरकिनार किए जाने सुबूत पेश किए।

chat bot
आपका साथी