Farmers Protest: राजस्थान में कांग्रेस विधायक 100 ट्रैक्टरों के साथ शाहजहांपुर बॉर्डर पहुंचेंगे

Farmers Protest राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने बताया कि जयपुर सीकर चूरू झुंझुनूं अलवर व भरतपुर जिलों के विधायक कार्यकर्ताओं के साथ 26 जनवरी को कोटपुतली पहुंचेंगे और फिर यहां से शाहजहांपुर बॉर्डर के लिए रवाना होंगे।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Publish:Sun, 24 Jan 2021 07:27 PM (IST) Updated:Sun, 24 Jan 2021 07:27 PM (IST)
Farmers Protest: राजस्थान में कांग्रेस विधायक 100 ट्रैक्टरों के साथ शाहजहांपुर बॉर्डर पहुंचेंगे
राजस्थान में कांग्रेस विधायक 100 ट्रैक्टरों के साथ शाहजहांपुर बॉर्डर पहुंचेंगे। फाइल फोटो

जागरण संवाददाता, जयपुर। Farmers Protest: केंद्रीय कृषि कानूनों के खिलाफ 26 जनवरी को किसानों के साथ कांग्रेस भी ट्रैक्टर रैली निकालेगी। ट्रैक्टर रैली में कांग्रेस के झंडे की जगह तिरंगा झंडा लगाया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने बताया कि जयपुर, सीकर, चूरू, झुंझुनूं, अलवर व भरतपुर जिलों के विधायक कार्यकर्ताओं के साथ 26 जनवरी को कोटपुतली पहुंचेंगे और फिर यहां से शाहजहांपुर बॉर्डर के लिए रवाना होंगे। प्रत्येक विधायक को 100 ट्रैक्टर के साथ रैली में पहुंचने के लिए कहा गया है। ये सभी जिले दिल्ली के आसपास के हैं। दरअसल, कांग्रेस शुरू से ही किसान आंदोलन को समर्थन कर रही है, लेकिन ग्राउंड पर पार्टी की गतिविधि नजर नहीं आ रही। इस कारण ट्रैक्टर रैली में कांग्रेस के शामिल होने का निर्णय लिया गया है।

कांग्रेस का अग्रिम संगठन सेवादल भी ट्रैक्टर रैली में शामिल होगा। कांग्रेस सेवादल के पदाधिकारी ट्रैक्टरों के साथ सोमवार को कोटपुतली पहुंचेंगे और फिर वहां से अगले दिन शाहजहांपुर के लिए रवाना होंगे। पहले कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के भी शाहजहांपुर पहुंचने का कार्यक्रम था, लेकिन अब कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि वे नहीं आएंगे। राहुल गांधी की संभावित यात्रा को देखते हुए शाहजहांपुर सीमा के पास हैलीपेड भी तैयार कराया गया था। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को किसान आंदोलन में शामिल होने के लिए कहा गया है। 

गौरतलब है कि राजस्थान की भाजपा सांसद जसकौर मीणा ने विवादित बयान देते हुए कहा था कि किसान आंदोलन में आतंकवादी एके-47 लेकर बैठे हैं, जो खालिस्तानी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को युगपुरुष बताते हुए कहा कि वे देश को बदलना चाहते हैं। कृषि कानून देश को बदलने की दिशा में एक बड़ा कदम हैं। लेकिन खालिस्तानी देश को आगे नहीं बढ़ने देना चाहते। मीणा से यह बात अपने संसदीय क्षेत्र दौसा में एक शिलान्यास समारोह के दौरान कही। भाजपा सांसद के इस बयान के खिलाफ कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि किसानों के प्रति ऐसी संकीर्ण सोच भाजपा ही रख सकती है। 

chat bot
आपका साथी