Rajasthan: कांग्रेस और भाजपा के बने तीन-तीन जिला प्रमुख

Rajasthan जयपुर की जिला प्रमुख बनने वाली रमा देवी ने जिला परिषद सदस्य का चुनाव कांग्रेस के टिकट पर लड़ा था लेकिन प्रमुख पद के लिए टिकट नहीं मिलने से नाराज होकर वह सोमवार सुबह भाजपा में शामिल हो गई।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Publish:Mon, 06 Sep 2021 08:46 PM (IST) Updated:Mon, 06 Sep 2021 08:46 PM (IST)
Rajasthan: कांग्रेस और भाजपा के बने तीन-तीन जिला प्रमुख
राजस्थान में कांग्रेस और भाजपा के बने तीन-तीन जिला प्रमुख। फाइल फोटो

जयपुर, जागरण संवाददाता। राजस्थान के छह जिलों में जिला प्रमुख और पंचायत समिति प्रधान का चुनाव सोमवार को संपन्न हो गया। कांग्रेस और भाजपा के समान रूप से तीन-तीन जिलों में जिला प्रमुख बने हैं। पंचायत समिति प्रधान के लिए 78 स्थानों पर चुनाव हुए। इनमें से 50 में कांग्रेस, 25 में भाजपा, एक में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के प्रत्याशियों की जीत हुई। दो सीटों पर पूर्व में निर्विरोध निर्वाचन हो गया। कांग्रेस को चार जिलों में बहुमत मिला, लेकिन उसके टिकट पर जिला प्रमुख तीन ही बनाए जा सके। वहीं, भाजपा का एक सिरोही जिला परिषद में ही बहुमत, लेकिन उसे तीन में जीत मिली है। जिला प्रमुख के चुनाव में भाजपा की रणनीति ने कांग्रेस को हरा दिया। भाजपा ने जयपुर, सिरोही और भरतपुर में अपने जिला प्रमुख बना लिए। कांग्रेस में क्रास वोटिंग हुई है।

जयपुर में भाजपा की रमा देवी, सिरोही में भाजपा के ही अर्जुन पुरोहित और भरतपुर में जगत सिंह जिला प्रमुख बने हैं। जगत सिंह पूर्व विधायक हैं। वह पूर्व केंद्रीय मंत्री नटवर सिंह के पुत्र हैं। कांग्रेस के टिकट पर दौसा में हीरालाल सैनी, जोधपुर में लीला मदेरणा और सवाईमाधोपुर में सुदामा मीणा जिला प्रमुख निर्वाचित हुई है। जयपुर की जिला प्रमुख बनने वाली रमा देवी ने जिला परिषद सदस्य का चुनाव कांग्रेस के टिकट पर लड़ा था, लेकिन प्रमुख पद के लिए टिकट नहीं मिलने से नाराज होकर वह सोमवार सुबह भाजपा में शामिल हो गई। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने उन्हें पार्टी का टिकट दे दिया। भाजपा के साथ ही कांग्रेस के जिला परिषद सदस्य ने रमा देवी के पक्ष में मतदान किया। रमा देवी को 26 वोट मिले, जबकि भाजपा के पास 24 वोट ही थे। ऐसे में कांग्रेस के दो लोगों ने क्रास वोटिंग की। भरतपुर में भी कांग्रेस सदस्यों के क्रास वोटिंग करने की बात सामने आई है।

कांग्रेस ने लगाया खरीद-फरोख्त का आरोप

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि खरीद-फरोख्त करना भाजपा की नीति रही है। भाजपा ने जयपुर और भरतपुर में कांग्रेस के टिकट पर जीते जिला परिषद के सदस्यों की खरीद-फरोख्त कर अपना जिला प्रमुख बनाया, लेकिन पंचायत समिति प्रधान में कांग्रेस को भाजपा से कहीं ज्यादा सफलता मिली है।

भाजपा ने जताई खुशी

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने तीन जिलों में प्रमुख बनने पर खुशी जताते हुए कहा कि कांग्रेस ने प्रधान के चुनाव में सत्ता का दुरुपयोग किया है। उन्होंने कहा कि मैं यह बात जानता हूं कि यदि परिणाम विपरीत आते तो मेरे लिए इंटरनेट मीडिया में कई तरह की चर्चा होगी।

जयपुर में हंगामा

जिला प्रमुख के चुनाव में कांग्रेस खेमे में भाजपा की सेंध के बाद विवाद हुआ। कांग्रेस के टिकट पर जिला परिषद सदस्य का चुनाव जीती रमा देवी और जैकी टाटीवाल के भाजपा में शामिल होने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता नाराज हो गए। यह दोनों जैसे ही भाजपा सदस्यों के साथ मतदान के लिए पहुंचे तो कांग्रेसियों ने हंगामा कर दिया। इस पर पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज किया।

chat bot
आपका साथी