गहलोत सरकार की दूसरी वर्षगांठ पर भाजपा ने साधा निशाना, युवा मोर्चा ने किया प्रदर्शन

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा-ढ़ाई लाख संविदाकर्मी अब तक नियमित होने का इंतजार कर रहे। मुख्यमंत्री रिपोर्ट कॉर्ड खुद तय करने के बजाय जनता से पूछते। कार्यकर्ताओं ने सीएम आवास की तरफ कूच का किया प्रयास। युवा मोर्चा अध्यक्ष हिमांश शर्मा को हिरासत में लेकर छोड़ा।

By Vijay KumarEdited By: Publish:Thu, 17 Dec 2020 08:38 PM (IST) Updated:Thu, 17 Dec 2020 08:38 PM (IST)
गहलोत सरकार की दूसरी वर्षगांठ पर भाजपा ने साधा निशाना, युवा मोर्चा ने किया प्रदर्शन
अंतर्विरोध की यह सरकार प्रदेश नहीं चला पा रही। सरकार की विफलताओं की लंबी फेहरिस्त है।

जागरण संवाददाता, जयपुर : राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार की दूसरी वर्षगांठ के मौके पर बृहस्पतिवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने बयान जारी कर कहा कि सरकार मन में भले ही दो साल का कार्यकाल पूरा करने का जश्न मना ले,लेकिन इस विफल सरकार को कोई हक नहीं है कि वह उत्सव मनाए। पूनिया ने कहा कि गहलोत सरकार के दो साल राजस्थान के इतिहासके कालखंड के काले साल होंगे। 

ढ़ाई लाख संविदाकर्मी अब तक नियमित होने का इंतजार कर रहे 

कांग्रेस सरकार अंतर्विरोध की यह सरकार प्रदेश नहीं चला पा रही है। सरकार की विफलताओं की लंबी फेहरिस्त है। किसान कर्ज माफी पूरी तरह से अब तक नहीं हुई। बेरोजगारों को भत्ता भी नहीं मिला। करीब ढ़ाई लाख संविदाकर्मी अब तक नियमित होने का इंतजार कर रहे हैं। 

मुख्यमंत्री रिपोर्ट कॉर्ड खुद तय करने के बजाय जनता से पूछते

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता साल,2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव में गहलोत सरकार का रिपोर्ट कार्ड बता देगी। पूनिया ने कहा कि गहलोत सरकार की यह हालत है कि खुद की यूनिवर्सिटी,खुद ही एग्जामिनर और खुद ही नंबर देकर अपने आप को पास बताने वाले मुख्यमंत्री जरा अपना रिपोर्ट कॉर्ड खुद तय करने के बजाय जनता से पूछते तो अच्छा रहता। 

कार्यकर्ताओं ने सीएम आवास की तरफ कूच का किया प्रयास

उधर सरकार की दूसरी वर्षगांठ को भाजपा युवा मोर्चा ने काला दिवस के रूप में मनाया। भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने सिविल लाइंस फाटक पर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री आवास की तरफ कूच करने का प्रयास किया। 

युवा मोर्चा अध्यक्ष हिमांश शर्मा को हिरासत में लेकर छोड़ा 

इस दौरान कार्यकर्ताओं की पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की हुई कार्यकर्ताओं ने काले गुब्बारे उड़ाए। इस दौरान दो गुब्बारों में ब्लास्ट हो गया। मुख्यमंत्री का पुतला फूंका। इस दौरान युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हिमांश शर्मा को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इस पर हंगामा ज्यादा तेज हो गया। बाद में पुलिस ने हिमांशु शर्मा को छोड़ दिया।

chat bot
आपका साथी