भाजपा विधायक बोले- कई बड़े नेता खुद के चेहरे पर चुनाव लड़े, लेकिन मात खा गए, भाजपा से हटकर चुनाव लड़कर दिखाए

विधानसभा चुनाव के लिए वसुंधरा को चेहरा घोषित करने की मांग को लेकर दिलावर ने एक वीडियो बयान जारी कर कहा कि किसी व्यक्ति विशेष से पार्टी नहीं चलती है। अगर कोई गलतफहमी में हो तो पार्टी से हटकर चुनाव लड़कर दिखाए।

By Priti JhaEdited By: Publish:Mon, 26 Jul 2021 01:45 PM (IST) Updated:Mon, 26 Jul 2021 01:45 PM (IST)
भाजपा विधायक बोले- कई बड़े नेता खुद के चेहरे पर चुनाव लड़े, लेकिन मात खा गए, भाजपा से हटकर चुनाव लड़कर दिखाए
विधायक और भाजपा के प्रदेश महामंत्री मदन दिलावर

जयपुर, जागरण संवाददाता।  राजस्थान भाजपा में खींचतान जारी है। आलाकमान की हिदायत के बावजूद नेताओं की बयानबाजी जारी है। विधायक और भाजपा के प्रदेश महामंत्री मदन दिलावर ने अब पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।

आगामी विधानसभा चुनाव के लिए वसुंधरा को चेहरा घोषित करने की मांग को लेकर दिलावर ने एक वीडियो बयान जारी कर कहा कि किसी व्यक्ति विशेष से पार्टी नहीं चलती है। अगर कोई गलतफहमी में हो तो पार्टी से हटकर चुनाव लड़कर दिखाए।

भाजपा की ताकत कार्यकर्ता है न कि व्यक्ति विशेष। उन्होंने कहा कि उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती और कर्नाटक के सीएम येदुरप्पा जैसे नेता खुद का चेहरा आगे कर के चुनाव लड़े थे, लेकिन मात खा गए। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता व्यक्ति निष्ठ नहीं, बल्कि संगठन निष्ठ है। जनता किसी एक व्यक्ति के काम पर वोट नहीं देती है। भाजपा ने कई राज्यों में बिना सीएम का चेहरा घोषित किए चुनाव लड़े और जीते भी।

दिलावर ने कहा कि अगर कोई नेता भाजपा के चिन्ह और नाम पर चुनाव लड़ता है तो जनता वोट देती है। उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों पूर्वमंत्री प्रताप सिंह सिंघवी, पूर्व संसदीय सचिव भवानी सिंह राजावत ने एक बयान में कहा था कि राजस्था में भाजपा की वसुंधरा और वसुंधरा ही भाजपा है। वसुंधरा को आगे किए बिना चुनाव नहीं जीता जा सकता।

वहीं हाल ही में पार्टी से निलंबित किए गए पूर्व मंत्री रोहिताश्व शर्मा ने भी वसुंधरा को पार्टी का चेहरा घोषित करने की मांग की थी। दिलावर ने कहा कि रोहिताश्व शर्मा को यह गलतफहमी निकाल देनी चाहिए कि किसी एक नेता को कमान दी जाएगी तो ही राज्य में भाजपा की सरकार बनेगी।

chat bot
आपका साथी