Rajasthan: भूपेंद्र यादव बोले-गहलोत सरकार जितनी जल्दी रुखसत होगी, उतनी जल्दी प्रदेश की जनता को राहत मिलेगी

Rajasthan भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव भूपेंद्र यादव ने कहा कि राजस्थान में अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार को अब चले जाना चाहिए। यह सरकार जितनी जल्दी रुखसत होगी उतनी जल्दी प्रदेश की जनता को राहत मिलेगी।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Publish:Wed, 23 Jun 2021 07:19 PM (IST) Updated:Wed, 23 Jun 2021 07:19 PM (IST)
Rajasthan: भूपेंद्र यादव बोले-गहलोत सरकार जितनी जल्दी रुखसत होगी, उतनी जल्दी प्रदेश की जनता को राहत मिलेगी
भूपेंद्र यादव बोले, गहलोत सरकार जितनी जल्दी रुखसत होगी, उतनी जल्दी प्रदेश की जनता को राहत मिलेगी। फाइल फोटो

अजमेर, संवाद सूत्र। राजस्थान से राज्यसभा के सांसद व भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव भूपेंद्र यादव ने कहा कि राजस्थान में अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार को अब चले जाना चाहिए। यह सरकार जितनी जल्दी रुखसत होगी, उतनी जल्दी प्रदेश की जनता को राहत मिलेगी। यादव बुधवार को अजमेर प्रवास के दौरान भाजपा की बैठक के बाद पत्रकारों से संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जब राजस्थान की जनता को सरकार से मदद की दरकार है, तब अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार आंतरिक विवादों में उलझी हुई है। मुख्यमंत्री का ध्यान कोरोना प्रबंधन की बजाए अपनी सरकार को बचाने में लगा हुआ है। केंद्र सरकार ने जो वैक्सीन दी, उसमें से 11 लाख डोज बर्बाद हो जाना राजस्थान में कोरोना नियंत्रण प्रबंधन को आइना दिखाता है।

यादव ने कहा कि केंद्र सरकार ने मांग के अनुरूप ऑक्सीजन उपलब्ध करवाया, लेकिन फिर भी मुख्यमंत्री केंद्र सरकार पर असहयोग का आरोप लगाते रहे। अजमेर में ऑक्सीजन सिलेंडरों की जांच करवाई गई तो पता चला कि ऑक्सीजन बड़ी मात्रा में लीकेज हो रही है। यदि सिलेंडरों का लीकेज रोक दिया जाता तो ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं थी। राज्य सरकार ने जिस प्रकार वैक्सीन बर्बाद की उसी प्रकार ऑक्सीजन को भी बर्बाद कर दिया।यादव ने कहा कि अशोक गहलोत देश के पहले मुख्यमंत्री होंगे, जो कोरोना काल में दो माह के लिए क्वारंटीन हो गए हैं। मुख्यमंत्री का क्वारंटीन होना कोई स्वास्थ्य कारणों की वजह से नहीं है बल्कि उसके पीछे राजनीतिक कारण है। यादव ने आरोप लगाया कि विरोधियों का मुंह बंद करने के लिए एसीबी और दूसरी जांच एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है। टेलीफोन टैपिंग के आरोप खुद कांग्रेस के विधायक लगा रहे हैं। यादव ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार सभी राज्यों को बिना भेदभाव के सहायता उपलब्ध करवा रही है, लेकिन राजस्थान में केंद्रीय मदद का सदुपयोग नहीं हो रहा है।

स्मार्ट सिटी के कार्यों की जांच

यादव ने कहा कि अजमेर में स्मार्ट सिटी के जो कार्य चल रहे हैं उनकी जांच के लिए भाजपा की एक कमेटी बनाई जाएगी। कमेटी की रिपोर्ट केंद्र सरकार के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी की योजना केंद्र सरकार की है, लेकिन अजमेर में इस योजना का दुरुपयोग हो रहा है। निर्माण कार्यों में न केवल भ्रष्टाचार हो रहा है, बल्कि जो कार्य राज्य सरकार को करना चाहिए उन्हें भी स्मार्ट सिटी योजना में शामिल कर लिया गया है। यादव ने कहा कि अजमेर के अंतरराष्ट्रीय महत्व को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्मार्ट शहर बनाने का निर्णय लिया था, लेकिन करोड़ों रुपये खर्च किए जाने के बाद भी अजमेर स्मार्ट नहीं बन पा रहा है।

सेवा का संकल्प

23 जून को श्रीनगर रोड स्थित होटल दाता इन में शहर भाजपा के पदाधिकारियों को संबोधन करते हुए यादव ने कहा कि भाजपा ने राजनीतिक दलों की परिभाषा को भी बदला है। कार्यकर्ताओं की भूमिका सिर्फ राजनीति तक ही सीमित नहीं होनी चाहिए। भाजपा ने सेवा का संकल्प लेकर भी काम किया है। कोरोना काल में भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर जरूरतमंद लोगों को सहायता उपलब्ध करवाई है। इससे पहले यादव ने आदर्श नगर स्थित सार्वजनिक उद्यान में पौधारोपण भी किया। इस अवसर पर मेयर बृजलता हाड़ा, विधायक वासुदेव देवनानी, अनिता भदेल, शहर भाजपा अध्यक्ष प्रियशील हाड़ा, डिप्टी मेयर नीरज जैन आदि भी उपस्थित रहे।

देहात की संगठनात्मक बैठक 24 को

भारतीय जनता पार्ट के प्रदेशव्यापी संगठन प्रवास के अंतर्गत भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री व सांसद भूपेंद्र यादव 24 जून को अजमेर देहात की संगठनात्मक बैठकें लेंगे। यह जानकारी भाजपा अजमेर देहात के जिलाध्यक्ष व पूर्व विधायक देवीशंकर भूतड़ा ने देते हुए बताया कि यह बैठक होटल ग्रांड जिनिया ,फॉयसागर रॉड अजमेर में होगी।भूतड़ा ने बताया कि राष्ट्रीय महामंत्री यादव दो बैठकें लगे। प्रथम बैठक 11 बजे होगी, जिस में जिले की समन्वयक समिति के सदस्य उपस्थित रहंगे। दूसरी बैठक 12.30 बजे होगी, जिसमें सभी मंडलों के मंडल अध्यक्ष, मोर्चों के जिलाध्यक्ष व विधानसभा के समन्वयक भाग लेंगे। इन दोनों बैठकों में अपेक्षित पदाधिकारी ही सम्मिलित हो सकेंगे। इन बैठकों में संगठन का विस्तार व मजबूत करने, कोविड में हुए सेवा कार्यों की व संगठनात्मक कार्यों  की समीक्षा के साथ ही वर्तमान राजनीतिक विषयों पर चर्चा की जाएगी।

chat bot
आपका साथी