Mob lynching case: राजस्थान के चर्चित रकबर मॉब लिचिंग मामले में एक और आरोपित गिरफ्तार

रकबर उर्फ अकबर और उसका साथी असलम दो गायों को छोटे ट्रक में लेकर अलवर जिले के ललावंडी से गुजर रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उन्हे पकड़ लिया और गौ-तस्कर मानकर मारपीट की। लोगों ने रकबर को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया था।

By Priti JhaEdited By: Publish:Fri, 18 Jun 2021 02:42 PM (IST) Updated:Fri, 18 Jun 2021 02:42 PM (IST)
Mob lynching case: राजस्थान के चर्चित रकबर मॉब लिचिंग मामले में एक और आरोपित गिरफ्तार
चर्चित रकबर मॉब लिंचिंग मामले में एक और आरोपित गिरफ्तार

जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान के चर्चित रकबर मॉब लिचिंग मामले में पुलिस ने एक और आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित नवल किशोर शर्मा को बृहस्पतिवार देर रात गिरफ्तार किया गया। इससे पहले 4 आरोपित गिरफ्तार हो चुके हैं। वे सभी न्यायिक अभिरक्षा में चल रहे हैं। उन सभी के खिलाफ पुलिस ने कोर्ट में चालान पेश कर दिया है। पूर्व में गिरफ्तार हो चुके 4 अभियुक्तों के मामले में अलवर जिला एवं सत्र न्यायालय में सुनवाई अंतिम चरण में है। पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने बताया कि शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 173/ 8 में अनुसंधान लंबित था।

यह है मामला

20 जुलाई, 2018 की रात को हरियाणा के नूंह निवासी रकबर उर्फ अकबर और उसका साथी असलम दो गायों को छोटे ट्रक में लेकर अलवर जिले के ललावंडी से गुजर रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उन्हे पकड़ लिया और गौ-तस्कर मानकर मारपीट की। असलम रात के अंधेरे का फायदा उठाकर भीड़ से बचकर भागने में सफल हो गया। लेकिन लोगों ने रकबर को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया था। इसके बाद उन्ही में से किसी ने रामगढ़ पुलिस को सूचना दी।

पुलिस मौके पर पहुंची और गायों को बरामद कर रकबर को अपने साथ पुलिस थाने ले आई। इसी दौरान रकबर की पुलिस हिरासत में मौत हो गई थी। पुलिस ने 5 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था। इनमें से 4 नरेश, परमजीत सिंह और धर्मेंद्र को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका था। वे सभी जेल में बंद है। नवल किशोर शर्मा फरार हो गया था। जिसे बृहस्पतिवार देर रात गिरफ्तार कर लिया गया। उसे शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया,जहां से न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। 

chat bot
आपका साथी