Rajasthan Assembly Election 2023: मोदी के नेतृत्व में लड़ेंगे राजस्थान विधानसभा चुनावः अमित शाह

Rajasthan Assembly Election 2023 अमित शाह ने राजस्थान के भाजपा कार्यकर्ताओं को 2023 के विधानसभा चुनाव के लिए अभी से कमर कसने आह्वान करते हुए कहा कि अशोक गहलोत को डर रहता है कि सरकार गिर जाएगी। राजस्थान का अगला विधानसभा चुनाव मोदी के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Publish:Sun, 05 Dec 2021 07:51 PM (IST) Updated:Sun, 05 Dec 2021 07:51 PM (IST)
Rajasthan Assembly Election 2023: मोदी के नेतृत्व में लड़ेंगे राजस्थान विधानसभा चुनावः अमित शाह
मोदी के नेतृत्व में लड़ेंगे राजस्थान विधानसभा चुनावः अमित शाह। फाइल फोटो

जागरण संवाददाता, जयपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने राजस्थान के भाजपा कार्यकर्ताओं को 2023 के विधानसभा चुनाव के लिए अभी से कमर कसने आह्वान करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को डर रहता है कि सरकार गिर जाएगी। वह ऐसा काम क्यों कर रहे हैं कि उनकी सरकार गिरे। गहलोत कुर्सी जाने की आशंका से ग्रसित हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान का अगला विधानसभा चुनाव मोदी के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा। सवालिया लहजे में कहा कि आखिर कौन गिरा रहा है आपकी सरकार? भाजपा राजस्थान की सरकार नहीं गिराएगी, बल्कि 2023 में जनता के बीच जाकर प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी। राज्य में दो तिहाई बहुमत से भाजपा की सरकार बनेगी। सीएम पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा कि 2023 के विधानसभा चुनाव में निकंमी और भ्रष्टाचारी गहलोत सरकार को मूल से उखाड़कर फेंक देना है।

अमित शाह ने कहा कि गहलोत उत्तर प्रदेश और गुजरात जाना बंद करें, यदि चाहें तो 2022 में उत्तर प्रदेश के साथ विधानसभा चुनाव करा लें, उन्हें हकीकत का पता चल जाएगा। राजस्थान यात्रा के दौरान शाह ने रविवार को जयपुर के सीतापुरा में भाजपा के जनप्रतिनिधियों को संबोधित किया। इनमें सांसद, विधायक, स्थानीय निकाय, पंचायती राज संस्थाओं व सहकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल थे। शाह ने कहा कि राजस्थान में ला एंड आर्डर की व्याख्या ही बदल गई है। ला एंड आर्डर का मतलब होता है कानून और व्यवस्था, लेकिन गहलोत सरकार के ला एंड आर्डर का मतलब है लो और आर्डर करो। गहलोत सरकार पूरी तरह भ्रष्ट है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि वह कोई काम करते हों या न करते हों, कम से कम ट्वीट तो करते हैं।

सीएम को तिजारी बहुत पसंद है

अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए अमित शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री को तिजोरी बहुत पसंद है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूरे देश में पेट्रोल व डीजल का टैक्स घटाया। भाजपा शासित राज्य सरकारों ने दाम कम किए, लेकिन राजस्थान एक ऐसा राज्य है, जहां पेट्रोल व डीजल से वैट कम नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मैं गहलोत से विनती करता हूं कि पेट्रोल और डीजल के दाम घटा दो, वरना जनता राह देख रही है। गहलोत ने केंद्रीय योजनाओं के नाम बदल किए। राज्य की पिछली वसुंधरा राजे सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को तोड़-मरोड़ दिया है। राज्य के प्रत्येक व्यक्ति पर 65 हजार का कर्ज है।

कांग्रेस ने गरीबी के बजाय गरीब को ही हटा दिया

अमित शाह ने कहा कि इंदिरा गांधी ने 70 के दशक में गरीबी हटाओ का नारा दिया था, लेकिन कांग्रेस ने गरीबी के बजाय गरीब को ही हटा दिया। 2014 में जब नरेन्द्र मोदी की सरकार बनी, तब तक करोड़ों घरों में बिजली नहीं थी, शौचालय और गैस का कनेक्शन नहीं था। अब हर घर में यह सुविधाएं पहुंच गई है। भव्य राम मंदिर बन रहा है।

मोदी के नेतृत्व में लड़ेंगे चुनाव

इससे पहले अमित शाह ने प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में राज्य के नेताओं को साफ कह दिया कि अगला विधानसभा चुनाव मोदी के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि मिशन2023 के लिए मोदी के नेतृत्व में सभी एकजुट होकर तैयारियां शुरू कर दें । राज्य के नेताओं में सीएम चेहरे को लेकर चल रही खींचतान के बीच शाह का यह संदेश महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक में जब स्वागत का दौर ज्यादा चला और वसुंधरा राजे माला पहनाने के लिए खड़ी हुई तो शाह ने कहा कितना स्वागत होगा। इसके बाद वसुंधरा वापस बैठ गईं। हालांकि जनप्रतिनिधि सम्मेलन में उन्होंने शाह का स्वागत किया।

वसुंधरा बोलीं, गहलोत सरकार अदृश्य है

इस मौके पर पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने कहा कि गहलोत सरकार अदृश्य है। कानून व्यवस्था और सरकार दोनों गायब है। गहलोत तीन साल से सरकार बचाने में लगे हैं। अभी मंत्रिमंडल विस्तार हुआ उसमें साफ देखा गया कि कोई इधर-उधर जाने वाला तो नहीं है। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने भी संबोधित किया। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत,अर्जुन राम मेघवाल व कैलाश चौधरी सहित कई नेता मौजूद थे।

नौ किमी लंबा रोड शो

जैसलमेर से जयपुर हवाई अड्डे पर पहुंचे अमित शाह को भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इसके बाद उनका नौ किलोमीटर लंबा रोड शो हुआ। इस दौरान 20 स्थानों पर उनका स्वागत किया गया। पूरे रास्ते में पुष्पवर्षा हुई। रास्ते में कई स्थानों पर राजस्थान का पारंपरिक घूमर नृत्य, कालबेलिया नृत्य,गैर नृत्य और कव्वाली के कार्यक्रम हुए।

chat bot
आपका साथी