Rajasthan: कृष्णा हत्याकांड के सभी आरोपित पकड़े गए, पुलिस ने कहा-आपसी रंजिश के कारण हुई हत्या

Rajasthan झालावाड़ जिले के झालारापाटन के कृष्णा वाल्मीकि हत्याकांड में एक और आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अब तक सभी आठ आरोपित गिरफ्तार हो चुके हैं। सोमवार को पकड़ा गया आरोपित शाहरुख खान कृष्णा का दोस्त था।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Publish:Mon, 12 Jul 2021 05:33 PM (IST) Updated:Mon, 12 Jul 2021 05:33 PM (IST)
Rajasthan: कृष्णा हत्याकांड के सभी आरोपित पकड़े गए, पुलिस ने कहा-आपसी रंजिश के कारण हुई हत्या
कृष्णा हत्याकांड के सभी आरोपित पकड़े गए, पुलिस ने कहा-आपसी रंजिश के कारण हुई हत्या। फाइल फोटो

जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान में झालावाड़ जिले के झालारापाटन के कृष्णा वाल्मीकि हत्याकांड में एक और आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अब तक सभी आठ आरोपित गिरफ्तार हो चुके हैं। सोमवार को पकड़ा गया आरोपित शाहरुख खान कृष्णा का दोस्त था। वह हत्याकांड के मुख्य आरोपित सागर कुरेशी का रिश्तेदार है। पुलिस के अनुसार, हत्याकांड आपसी रंजिश का परिणाम है। मृतक कृष्णा के भाई शेखर और सागर के बीच वर्चस्व की लड़ाई चल रही थी। दो माह पूर्व शेखर ने अपने साथियों के साथ मिलकर सागर पर हमला किया था। इस मामले में उन्हें जेल हुई थी, फिलहाल वे जमानत पर हैं। सागर खुद पर हुए हमले का बदला लेना चाहता था।

इस कारण उसने शाहरुख से शेखर और उसके परिजनों की मुखबिरी करवाई। शेखर तो उसके कब्जे में नहीं आ सका, लेकिन एक जुलाई को दिन दहाड़े सागर ने अपने सात अन्य साथियों के साथ मिलकर कृष्णा की हत्या कर दी थी। हत्याकांड के सात आरोपित पहले पकड़े जा चुके थे, एक आरोपित सोमवार को पकड़ा गया। इस तरह कुल आठ आरोपित पकड़े जा चुके हैं। पुलिस अधीक्षक डॉ. किरण कंग सिद्धू ने बताया कि इस मामले में सागर, रईस, अख्तर अली, इमरान, रवि, बुरहान, सोहेल को पहले ही गिरफ्तार किया गया था। इन्होंने इस मामले में अहम खुलासा किया था। 

भाजपा सहित कई संगठनों ने किया आंदोलन

कृष्णा हत्याकांड के विरोध में भाजपा ने झालावाड़ और जयपुर में प्रदर्शन किए। जयपुर में भाजपा युवा मोर्चा ने पिछले दिनों प्रदर्शन किया था। जिसमें पुलिस के साथ हुई झड़प में एक दर्जन पदाधिकारी घायल हो गए थे। भाजपा इस प्रकरण को लेकर राज्य सरकार पर दलित विरोधी होने का आरोप लगाती रही है। वाल्मीकि समाज ने भी झालावाड़, झालारापाटन सहित कई शहरों में प्रदर्शन कर आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की थी। गौरतलब है कि यह हत्याकांड काफी दिनों तक चर्चा में रहा था। इस मामले को लेकर प्रदेश में खूब राजनीति भी हुई थी। 

chat bot
आपका साथी