Rajasthan: अजय माकन ने पूछा सत्ता में वापसी कैसे हो, विधायकों ने कहा मुश्किल है; इन मंत्रियों की शिकायत की

Rajasthan वन टू वन संवाद के पहले दिन अजय माकन ने विधायकों से पूछा कि राज्य में कांग्रेस कैसे सत्ता में वापसी कर सकती है। इस पर विधायकों ने कहा कि मौजूदा हालात को देखते हुए सत्ता में वापसी मुश्किल है। विधायकों ने कई मंत्रियों की शिकायत माकन से की।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Publish:Wed, 28 Jul 2021 07:17 PM (IST) Updated:Wed, 28 Jul 2021 07:17 PM (IST)
Rajasthan: अजय माकन ने पूछा सत्ता में वापसी कैसे हो, विधायकों ने कहा मुश्किल है; इन मंत्रियों की शिकायत की
अजय माकन ने पूछा सत्ता में वापसी कैसे हो, विधायकों ने कहा मुश्किल है। फाइल फोटो

जयपुर, नरेन्द्र शर्मा। राजस्थान में अशोक गहलोत मंत्रिमंडल में फेरबदल फिर 10 से 15 दिन के लिए टल गया है। पहले जुलाई माह में मंत्रिमंडल में फेरबदल करने की तैयारी थी। इसको लेकर राज्य सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने नए बनने वाले मंत्रियों के लिए गाड़ियां और शासन सचिवालय में दफ्तर तैयार कर लिए थे, लेकिन अब अगस्त के दूसरे सप्ताह तक के लिए फेरबदल टाल दिया गया है। मंत्रिमंडल फेरबदल से पहले प्रदेश प्रभारी अजय माकन ने बुधवार से विधायकों के साथ वन टू वन संवाद शुरू किया। यह बृहस्पतिवार तक चलेगा। वन टू वन संवाद के पहले दिन माकन ने विधायकों से पूछा कि राज्य में कांग्रेस कैसे सत्ता में वापसी कर सकती है। इस पर ज्यादातर विधायकों ने कहा कि मौजूदा हालात को देखते हुए सत्ता में वापसी मुश्किल है। विधायकों ने कई मंत्रियों की शिकायत माकन से की।

इन मंत्रियों से विधायक नाराज

बुधवार को एक दर्जन जिलों के विधायकों से माकन ने वन टू वन संवाद किया। इस दौरान विधायकों ने शिक्षामंत्री गोविंद सिंह डोटासरा, स्वायत्त शासन मंत्री शांति धारीवाल, परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, ऊर्जा मंत्री बीडी कल्ला और चिकित्सा मंत्री डॉ. रघु शर्मा की कार्यशैली पर नाराजगी जताई। धारीवाल पर अपने प्रभार वाले जिले की बैठक तक नहीं लेने की बात कही। विधायकों ने कल्ला व शर्मा के खिलाफ प्रोजेक्ट्स में गड़बड़ी, विधायकों के काम नहीं करने और विभागों में भ्रष्टाचार की बात कही। विधायक वेदप्रकाश सोलंकी ने कहा कि मेरे निर्वाचन क्षेत्र में विकास कार्य तो हुए हैं, लेकिन अनुसूचित जाति और जनजाति की सरकार में उपेक्षा हो रही है। माकन से मुलाकात के बाद खाचरियावास ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का फीडबैक लिया जा रहा है। कांग्रेस 2023 के चुनाव में वापस सत्ता में कैसे आए इस बात की चर्चा हो रही है।

सोनिया और राहुल गांधी को रिपोर्ट देंगे अजय माकन 

दो दिन तक विधायकों से वन टू वन संवाद कर माकन सरकार का हाल जानने में जुटे हैं। मंत्रियों के बारे में जानकारी जुटा रहे हैं। सत्ता और संगठन में होने वाले फेरबदल को लेकर राय ले रहे हैं। यहां से लौटकर माकन माकन दिल्ली में पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी व पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे। रिपोर्ट पर चर्चा के बाद ही मंत्रियों को हटाने के बारे में अधिकारिक निर्णय होगा। नए बनने वाले मंत्रियों के नाम भी रिपोर्ट के आधार पर ही तय होंगे। जानकारी के अनुसार, पार्टी नेतृत्व ने तय किया है कि अगस्त के दूसरे सप्ताह में मंत्रिमंडल में फेरबदल होगा। माकन विधायकों से मंत्रियों के कामकाज, सरकारी योजनाओं और भाजपा की वर्तमान स्थिति के बारे में जानकारी जुटा रहे हैं।

सचिन पायलट दिल्ली में सक्रिय

एक तरफ जहां अजय माकन दो दिन जयपुर में विधायकों से संवाद कर रहे हैं। वहीं, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट दिल्ली में सक्रिय हैं। जयपुर आने से पहले मंगलवार को माकन ने पायलट के साथ बात की थी। सूत्रों के अनुसार, पायलट ने पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल से बात की है। उधर, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत विधायकों से मुलाकात में व्यस्त रहे।

chat bot
आपका साथी