Coronavirus: राजस्थान में कोरोना के 3093 नए मामले, वन व पर्यावरण मंत्री सुखराम विश्नोई हुए संक्रमित

Coronavirus राजस्थान में एक्टिव केसों की संख्या 28183 है। 2194 लोगों को स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से घर भेजा गया। प्रदेश में अब तक 2255 लोगों की कुल मौत हुई है। वहीं दो लाख 60 हजार 40 लोग कुल संक्रमित मिले हैं।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Publish:Fri, 27 Nov 2020 07:15 PM (IST) Updated:Fri, 27 Nov 2020 07:15 PM (IST)
Coronavirus: राजस्थान में कोरोना के 3093 नए मामले, वन व पर्यावरण मंत्री सुखराम विश्नोई हुए संक्रमित
राजस्थान के वन व पर्यावरण मंत्री सुखराम विश्नोई को कोरोना पॉजिटिव आने पर अस्पताल में भर्ती कराया। फाइल फोटो

जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान में शुक्रवार को कोरोना के 3093 नए मामले सामने आए और 18 लोगों की मौत हुई है। एक्टिव केसों की संख्या 28,183 है। 2194 लोगों को स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से घर भेजा गया। प्रदेश में अब तक 2255 लोगों की कुल मौत हुई है। वहीं दो लाख 60 हजार 40 लोग कुल संक्रमित मिले हैं। चिकित्सा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, अब तक 43 लाख 22 हजार 512 कुल सैंपल लिए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कोरोना जागरूकता अभियान 31 दिसंबर तक चलाने और ग्रामीण क्षेत्रों में डोर टू डोर स्क्रीनिंग के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को राहत पहुंचाने के लिए जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए हैं।

उधर, राज्य सरकार के वन व पर्यावरण मंत्री सुखराम विश्नोई को कोरोना पॉजिटिव आने पर अस्पताल में भर्ती किया गया है। राज्य के कई वरिष्ठ नेता और मंत्रिमंडल के सदस्य कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इनमें पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट के अलावा कैबिनेट मंत्री उदयलाल आंजना, प्रताप सिंह खाचरियावास, बीडी कल्ला, रघु शर्मा, कांग्रेस विधायक रफीक खान और अमिन कागजी शामिल है। इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, गजेंद्र सिंह शेखावत, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया, भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण चतुर्वेदी व कालीचण सराफ भी संक्रमित हो चुके हैं। कोरोना के कारण कांग्रेस विधायक कैलाश त्रिवेदी की मौत हो चुकी है। 

इससे पहले राजस्थान में बुधवार को कोरोना के 3285 संक्रमित सामने आए, वहीं 18 लोगों की मौत हुई। कोरोना संक्रमण से पिछले दिनों स्वस्थ हुए प्रदेश के पूर्व वित्तमंत्री मानिक चंद सुराणा की मौत हो गई। चिकित्सकों ने उन्हें स्वस्थ बताकर चार दिन पहले ही घर भेजा था। उधर, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट कर कहा कि अब शादी का सीजन शुरू हो रहा है। मेरी सभी से कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए सरकार की ओर से जारी नियमों की अनुपालना की अपील है। सभी को मास्क पहनना अनिवार्य है। सामाजिक दूरी बनाए रखने के साथ ही समारोह में मेहमानों की संख्या का ध्यान रखना चाहिए। गहलोत ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से चिकित्सा विभाग के अधिकारियों के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने अस्पतालों में सभी तरह की व्यवस्थाएं ठीक रखने और मरीजों का सही तरह से उपचार करने के निर्देश दिए। सरकार ने प्रदेश के आठ जिलों में रात्रि कर्फ्यू लागू करने के साथ ही विवाह समारोह में 100 लोगों के शामिल होने की सीमा तय की है। इससे अधिक लोगों के एकत्रित होने पर 25 हजार का जुर्माना भी तय किया गया है। 

chat bot
आपका साथी