राजीनामा के दौरान दो गुटों में तकरार, फायरिंग में दो युवक घायल
कस्बा वल्टोहा में मोबाइल से गलत मैसेज भेजने पर विवाद हो गया। इस झगड़े में तेजधार हथियारों के साथ गोलियां भी चलीं।
संवाद सूत्र, भिखीविड : कस्बा वल्टोहा में मोबाइल से गलत मैसेज भेजने पर विवाद हो गया। इस झगड़े में तेजधार हथियारों के साथ गोलियां भी चलीं जिसमें लवप्रीत सिंह व उसका दोस्त जशनदीप सिंह घायल हो गए।
वल्टोहा निवासी सतनाम सिंह के लड़के प्रिसपाल सिंह प्रिस का मोबाइल से गलत मैसेज भेजने को लेकर गांव कालिया सकत्तरा के युवक के साथ विवाद चला आ रहा था। इस दौरान कुछ लोगों ने दोनों गुटों के बीच राजीनामा करवा दिया। वीरवार को दोनों में दोबारा पुरानी बात पर तकरार हो गई। पारिवारिक सदस्यों और मोहतबर लोगों ने मिल बैठकर मसला सुलझाने के लिए समय तय किया। संयुक्त जगह पर जब दोनों गुट एकत्रित हो गए। मगर वहां पहले मामूली तकरार हुई और उसके बाद बात गाली-गलौज तक पहुंच गई। गांव कालिया सकत्तरा के गुट द्वारा प्रिसपाल प्रिस के भाई लवप्रीत सिंह पर पांच गोलियां दाग दी गई। एक गोली टांग में लगने से लवप्रीत घायल हो गया। बचाव के लिए उसका दोस्त जशनदीप आगे आया तो आरोपितों ने तेजधार हथियारों से उस पर भी हमला कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही थाना वल्टोहा के प्रभारी नरिदर सिंह मौके पर पहुंचे। दोनों घायलों को पट्टी के अस्पताल दाखिल करवा दिया गया। डीएसपी राजबीर सिंह ने बताया कि घायलों के बयान दर्ज करके मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए गए है। उन्होंने बताया कि फिलहाल छह आरोपितों की पहचान हुई है।