डबल मर्डर केस के आरोपित को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला

पिछले माह 28 सितंबर की रात गांव नागोके में अमृतपाल सिंह व उसके चाचा लखबीर सिंह की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 06 Oct 2021 07:44 PM (IST) Updated:Wed, 06 Oct 2021 07:44 PM (IST)
डबल मर्डर केस के आरोपित को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला
डबल मर्डर केस के आरोपित को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला

जागरण संवाददाता, तरनतारन : पिछले माह 28 सितंबर की रात गांव नागोके में अमृतपाल सिंह व उसके चाचा लखबीर सिंह की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले के आरोपित गुरचेत सिंह उर्फ चेती गगड़ेवाल को गिरफ्तार करने के लिए थाना सरहाली की पुलिस पार्टी गांव ददेहर साहिब में अमृतपाल सिंह के घर पहुंची। इस दौरान आरोपितों के परिवार ने पुलिस पार्टी पर हमला कर दिया, जिससे सिपाही निशान सिंह घायल हो गया। इस मामले में पुलिस ने 16 लोगों खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

डीएसपी सुच्चा सिंह बल्ल ने बताया कि 28 सितंबर की रात को विधानसभा हलका खडूर साहिब के गांव नागोके में अमृतपाल सिंह और उसके चाचा लखबीर सिंह की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस द्वारा 14 लोगों को नामजद किया गया था। आरोपित लवप्रीत सिंह और तेजबीर सिंह को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया। जबकि गोलियां चलाने वाले आरोपित गुरचेत सिंह उर्फ चेती गगड़ेवाल बाबत सूचना मिली कि आरोपित ने गांव ददेहर साहिब निवासी अमृतपाल सिंह के घर में पनाह ली है।

थाना सरहाली प्रभारी हर्षा सिंह द्वारा एएसआइ दिलबाग सिंह को मौके पर भेजा गया। पुलिस पार्टी ने आरोपित चेती गगड़ेवाल को हिरासत में ले लिया। इस दौरान अमृतपाल सिंह, जगदीप सिंह, जस्सा सिंह, अवतार सिंह, भूपिदर सिंह निवासी गांव ददेहर साहिब, यादविदर सिंह निवासी गांव पनगोटा व दस अज्ञात लोगों ने पुलिस पार्टी पर हमला कर दिया। मौके पर यादविदर सिंह ने पुलिस पार्टी के आगे ट्रैक्टर लगा दिया और हत्यारोपी गुरचेत सिंह उर्फ चेती गगड़ेवाल भाग निकला। इस दौरान कांस्टेबल निशान सिंह की आरोपितों ने मारपीट भी की। डीएसपी ने बताया कि आरोपितों के विरुद्ध मामला दर्ज करके अमृतपाल सिंह नामक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया।

chat bot
आपका साथी