ब्याज पर लिए पैसे लौटाने के बावजूद बाप-बेटे ने चलाई गोलियां

गांव चंबल निवासी मनप्रीत सिंह ने अपने पिता रणजीत सिंह से मिलकर गोलियां चला दी।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 24 Sep 2021 05:10 PM (IST) Updated:Sat, 25 Sep 2021 05:57 AM (IST)
ब्याज पर लिए पैसे लौटाने के बावजूद बाप-बेटे ने चलाई गोलियां
ब्याज पर लिए पैसे लौटाने के बावजूद बाप-बेटे ने चलाई गोलियां

जागरण संवाददाता, तरनतारन : गांव चंबल निवासी मनप्रीत सिंह ने अपने पिता रणजीत सिंह से मिलकर वीरवार को अपने ही गांव के सविदर सिंह के परिवार पर गोलियां चलाई। गोलियां लगने से सविदर सिंह, उसका छुट्टी पर आया सैनिक बेटा नसीब सिंह, बेटी कुलविदर कौर, भतीजी राजबीर कौर घायल हो गए। थाना सरहाली की पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

विधानसभा हलका पट्टी के गांव चंबल निवासी सविदर सिंह ने बताया कि उसने अपने ही गांव के रणजीत सिंह के बेटे मनप्रीत सिंह से वर्ष 2017 में 3.26 लाख की रुपये ब्याज पर लिया था। डेढ़ वर्ष पहले सविदर सिंह ने उक्त राशि ब्याज समेत वापस लौटा दी थी। परंतु मनप्रीत सिंह यह कहते हुए और पैसे मांगता था कि उसको पूरी रकम नहीं मिली। करीब दस दिन पहले सविदर सिंह का सैनिक बेटा नसीब सिंह 28 दिन की छुट्टी पर श्रीनगर से घर आया था। सविदर सिंह अपने परिवार के साथ घर में बैठा था कि मनप्रीत सिंह ने आवाज देकर बाहर बुलाया। सविदर सिंह जब गली में गया तो आरोपित ने गाली-गलौज शुरू करते हुए अपने पिता रणजीत सिंह को भी बुला लिया। गालियों का शोर सुनकर सविदर सिंह के परिवार के सदस्य भी गली में चले गए। आरोपित मनप्रीत सिंह ने अपने पिता रणजीत सिंह के इशारे पर पिस्टल से गोलियां चलाना शुरू कर दी। गोलियां लगने से सविदर सिंह, उसका सैनिक बेटा नसीब सिंह, बेटी कुलविदर कौर, भतीजी राजबीर कौर की टांगों पर एक-एक गोली लगी। घटना की जानकारी मिलते ही थाना सरहाली के प्रभारी हरशा सिंह संधू मौके पर पहुंचे और घायलों को कैरों के अस्पताल में दाखिल करवाया गया। जहां पर डाक्टरों ने बताया कि सैनिक नसीब सिंह के पट की हड्डी गोली लगने से टूट गई है। जिसके बाद उसे अमृतसर के निजी अस्पताल में भेज दिया गया है।

उधर, पुलिस ने सविदर सिंह के बयान केस दर्ज करके आरोपित मनप्रीत सिंह और उसके पिता रणजीत सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया।

chat bot
आपका साथी