हरियाणा से सटे खनौरी में जमा होने लगे पंजाब के किसान, राशन-ईंधन का किया पूरा प्रबंध

26 नवंबर के दिल्ली आंदोलन के लिए पंजाब के किसानों ने तैयारी शुरू कर दी है। किसान ट्रैक्टर-ट्रालियों के जरिये हरियाणा से सटे खनौरी मार्ग पर पहुंचने लगे हैं। उन्होंने राशन-ईंधन लकड़ी गैस सिलेंडर व भट्ठियां आदि का भी इंतजाम किया हुआ है।

By Pankaj DwivediEdited By: Publish:Tue, 24 Nov 2020 02:13 PM (IST) Updated:Tue, 24 Nov 2020 02:13 PM (IST)
हरियाणा से सटे खनौरी में जमा होने लगे पंजाब के किसान, राशन-ईंधन का किया पूरा प्रबंध
किसान ट्रैक्टर-ट्रालियों के जरिये हरियाणा से सटे खनौरी मार्ग पर पहुंचने लगे हैं। (जागरण)

संगरूर, जेएनएन। कृषि सुधार कानूनों को रद करवाने के लिए पंजाब से दिल्ली की तरफ कूच करने के लिए किसान तैयारियां को मुकम्मल करने में जुटे हैं। किसान ट्रैक्टर-ट्रालियों के जरिये हरियाणा से सटे खनौरी मार्ग पर पहुंचने लगे हैं। राशन-ईंधन, लकड़ी, गैस सिलेंडर व भट्ठियां इत्यादि का ट्रैक्टर-ट्रालियों में पक्का प्रबंधन करके पंजाब-हरियाणा बार्डर इलाके में जमा हो गए हैं।

किसानों का जमावड़ा देखते हुए हरियाणा की जींद पुलिस ने भी रास्ते में बैरिकेड्स लगा दिए हैं। यहां भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। बेशक अभी पंजाब से हरियाणा में जाने के लिए रास्ता पूरी तरह से खुला है, लेकिन अगले दिनों में किसानों के आंदोलन के मद्देनजर हरियाणा पुलिस भी कड़े प्रबंध करने में जुटी है।

किसानों के जमाबड़े के बाद पंजाब-हरियाणा बार्डर पर लगी वाहनों की कतारें।

भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां के कार्यकर्ताओं की अगुआई में किसान खनौरी इलाके में 26 नवंबर को दिल्ली आंदोलन से पहले ही पहुंच गए हैं। किसानों ने एलान किया कि यहां से विशाल काफिले के रूप में वे हरियाणा से होते हुए दिल्ली में दाखिल होंगे। अगर हरियाणा पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो इसका मुंह तोड़ जवाब दिया जाएगा। किसान कृषि कानूनों को रद करवाने के लिए हर हाल में दिल्ली पहुुंचेंगे। किसानों ने हरियाणा की खट्टर सरकार का पुतला जलाकर रोष प्रदर्शन भी किया।

खनौरी के पास किसानों के इकट्ठे होने पर हाईवे पर हरियाणा पुलिस ने बैरिकेड लगा दिए हैं।

भाकियू उगराहां के सुनाम ब्लाक प्रधान जसवंत सिंह तोलावाल, रामपा सिंह सुनाम, हरजिंदर सिंह कालाझाड़ ने कहा कि दिल्ली जा रहे हरियाणा के किसानों को जींद पुलिस ने गड़ी इलाके में हिरासत मेंं ले लिया है। हरियाणा पुलिस या खट्टर सरकार की धक्केशाही को किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसान इसका हरियाणा सरकार व हरियाणा पुलिस को कड़ा जवाब देंगे।

किसानों के लिए लंगर का पूरा प्रबंध

किसान नेताओं ने कहा कि मालवा के हर गांव से किसान ट्रैक्टर-ट्रालियों पर दिल्ली पहुंचेंगे। किसानों के लिए लंगर का पूरा प्रबंध किया गया है। गांव-गांव के हर घर के राशन इकट्ठा किया गया है। साथ ही गर्म कपड़े, लकड़ी, सिलेंडर, तरपालें इत्यादि सहित जरूरत का हर सामान लेकर किसान दिल्ली पहुंचेंगे।

chat bot
आपका साथी