अंग्रेजों से माफी मांगने वालों के बुत संसद में लगाकर शहीदों को किया अनदेखा : भगवंत मान
शहीद ऊधम सिंह के शहीदी दिवस पर आम आदमी पार्टी पंजाब अध्यक्ष व सांसद भगवंत मान पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष हरपाल सिंह चीमा व स्थानीय विधायक अमन अरोड़ा द्वारा शहीद के पैतृक घर जाकर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।
संवाद सूत्र, सुनाम ऊधम सिंह वाला (संगरूर) : शहीद ऊधम सिंह के शहीदी दिवस पर आम आदमी पार्टी पंजाब अध्यक्ष व सांसद भगवंत मान, पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष हरपाल सिंह चीमा व स्थानीय विधायक अमन अरोड़ा द्वारा शहीद के पैतृक घर जाकर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।
सांसद भगवंत मान ने कहा कि समय की सरकारों ने अंग्रेजों से माफी मांगने वालों की प्रतिमाएं तो संसद में स्थापित कर दी हैं, लेकिन आजादी में बलिदान देने वाले नायकों को भुला दिया है। मान ने अपने एमपी लैड फंड में से शहीद ऊधम सिंह यादगारी समिति को शवयात्रा वाहन देने का एलान किया।
विपक्ष के नेता हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि शहीद ऊधम सिंह की कुर्बानी ने पंजाब के सम्मान व इज्जत को दुनिया में जिदा रखा है। विधायक अमन अरोड़ा ने कहा कि जिस नीति के अधीन पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के पोते, कांग्रेसी विधायक फतेहजंग सिंह बाजवा व राकेश पांडे के वारिसों को सरकारी नौकरियों की मेहरबानी की जा रही है उस नीति के तहत शहीद ऊधम सिंह के सभी योग्य वारिसों को भी सरकारी नौकरियां दी जाएं। नेताओं ने विजिटर बुक पर शहीद ऊधम सिंह बारे में अपने विचार दर्ज किए। प्रबंधकों ने उन्हें सम्मानित किया।