एनआरआइ लड़की से रिश्ते के नाम पर ठगे 2.40 लाख

एनआरआइ लड़की से शादी का झांसा देकर इलाके के एक व्यक्ति से नौसरबाजों ने अढ़ाई लाख रुपये की ठगी मार ली।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 17 Apr 2021 04:30 PM (IST) Updated:Sat, 17 Apr 2021 04:30 PM (IST)
एनआरआइ लड़की से रिश्ते के नाम पर ठगे 2.40 लाख
एनआरआइ लड़की से रिश्ते के नाम पर ठगे 2.40 लाख

संवाद सहयोगी, अहमदगढ़ (संगरूर) : एनआरआइ लड़की से शादी का झांसा देकर इलाके के एक व्यक्ति से नौसरबाजों ने अढ़ाई लाख रुपये की ठगी मार ली। पुलिस ने पीड़ित के बयानों के आधार पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया। संगरूर पुलिस ने सात अप्रैल को मोहाली के एक ऐसे ही नौसरबाज दंपती को गिरफ्तार किया था, जो अपनी रिश्तेदारी में किसी लड़की के रिश्ते के लिए विज्ञापन देकर लोगों से ठगी मारते थे।

एसएसपी संगरूर को दरखास्त में कुलविदर सिंह निवासी चोमो तहसील पायल जिला लुधियाना ने बताया कि 12 नवंबर 2020 को उन्होंने एक अखबार में कनाडा में पक्के तौर पर रहती एक लड़की के रिश्ते के लिए वर की जरूरत का विज्ञापन पढ़ा था। विज्ञापन में दिए गए नंबर पर जब संपर्क किया तो हरनेक सिंह नामक के व्यक्ति ने फोन पर बात की। उसने बताया कि वह लड़की का फूफा है और उन्होंने ही रिश्ते के लिए विज्ञापन दिया था।

हरनेक सिंह नामक व्यक्ति के कहने पर उन्होंने अपने लड़के की फोटो, बायोडाटा व पारिवारिक जानकारी हरनेक सिंह को भेज दी। दो दिन बाद हरनेक सिंह का फोन आया कि उसे लड़का पसंद है। उन्होंने भी लड़की की फोटो, बायोडाटा व अन्य जानकारी उसे भेज दी। कुलविदर सिंह ने लड़की की तस्वीरें अपने परिवार को दिखाई व लड़की उन्हें भी पसंद आ गई। हरनेक सिंह ने कहा कि 18 नवंबर को लड़की व लड़की के परिवार वाले उनके घर आएंगे व शगुन करने का प्रोग्राम तय कर लिया। ठीक एक दिन पहले 17 नवंबर की सुबह हरनेक सिंह ने कुलविदर को फोन किया और कहा कि पारिवारिक जरूरत के लिए उसे अढ़ाई लाख रुपये की सख्त जरूरत है। उसने तुरंत उसी दिन शाम को दो लाख 40 हजार रुपये हरनेक सिंह द्वारा दिए बैंक खाते में भेज दिए। 18 नवंबर को शगुन के प्रोग्राम वाले दिन हरनेक सिंह ने कहा कि वह किसी कारण आज शगुन करने नहीं आ सकते व 22 नवंबर को घर आने का प्रोग्राम तय कर दिया। 21 नवंबर तक दोनों पक्षों में बातचीत होती रही, लेकिन इसके बाद हरनेक सिंह ने बातचीत बंद कर दी व फोन नंबर भी बंद हो गया।

एसएसपी ने शिकायत पड़ताल के लिए ईओ विग को मार्क की। पुलिस ने अपनी पड़ताल में पाया कि पीड़ित ने 2.40 लाख रुपये अज्ञात व्यक्ति हरनेक सिंह के कहने पर खाते में जमा करवाएं हैं व पीड़ित परिवार की तीन अलग-अलग नंबरों पर बातचीत होती रही है। पुलिस ने पाया कि एक नंबर जिला बरनाला, दूसरा नंबर पटियाला व तीसरा नंबर फतेहगढ़ साहिब के व्यक्ति के नाम पर है। बैंक खाता नंबर भी फतेहगढ़ साहिब के व्यक्ति के नाम पर मोहाली के पते पर खुला हुआ है। पुलिस ने पीड़ित व्यक्ति के बयानों के आधार पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया।

chat bot
आपका साथी