जेल में भिडे़ चार कैदी, एक पर जानलेवा हमला, छुड़ाने आए सहायक जेलर से मारपीट की कोशिश

जिला जेल में बंद चार कैदियों ने मिलकर एक कैदी पर जानलेवा हमला कर दिया।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 09 May 2021 08:10 PM (IST) Updated:Sun, 09 May 2021 08:10 PM (IST)
जेल में भिडे़ चार कैदी, एक पर जानलेवा हमला, छुड़ाने आए सहायक जेलर से मारपीट की कोशिश
जेल में भिडे़ चार कैदी, एक पर जानलेवा हमला, छुड़ाने आए सहायक जेलर से मारपीट की कोशिश

संवाद सहयोगी, रूपनगर: जिला जेल में बंद चार कैदियों ने मिलकर एक कैदी पर जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान सहायक जेलर ने जब उसे बचाने की कोशिश की तो, उन पर भी हमलावारों ने उनसे भी मारपीट की कोशिश की। जेल स्टाफ ने काफी कोशिश के बाद चारों हमलावर कैदियों को काबू किया। सहायक जेल सुपरिटेंडेंट चमन लाल ने बताया कि बैरक नंबर चार में बंद कैदियों में किसी बात को लेकर आपसी बहस हो गई। जिस बारे खबर मिलते ही उन्होंने जेल स्टाफ सहित मौके पर पहुंच कैदियों को शांत करने की कोशिश की। इसी बीच कैदियों में गहमागहमी शुरू हो गई, जिसके बाद चार कैदियों ने सतनाम सिंह उर्फ सोढी पुत्र गुरबचन सिंह के साथ हाथापाई शुरू कर दी। जेल स्टाफ ने बीच बचाव करने की काफी कोशिश की, लेकिन इसी बीच कैदी अजय कुमार ने वहां पड़ा एक पत्थर उठाया तथा सतनाम सिंह को मारने के लिए उसके पीछे दौड़ा। मौके की नजाकत को देखते हुए सतनाम सिंह जेल के बागीचे की तरफ भाग गया। बागीचे में एक अन्य कैदी सुबोध कुमार काम कर रहा था, जिससे अजय कुमार ने कस्सी छीनी तथा सतनाम सिंह पर वार करने की कोशिश की। जब उन्होंने कैदी अजय को रोकने की कोशिश की, तो उसने कस्सी उनके सिर पर मारने की कोशिश की, किसी तरह खुद को बचा लिया। इसी बीच सुखदर्शन सिंह नाम के एक अन्य कैदी ने कस्सी उठाते हुए सतनाम सिंह पर वार करने की कोशिश की, जबकि इसी बीच तीन अन्य कैदियों ने उसे बुरी तरह से पीट डाला काफी कोशिश के बाद चारों कैदियों को काबू उन्हें बैरक में बंद कर चोटिल सतनाम सिंह को जेल के अस्पताल पहुंचाया गया। इस घटना बारे थाना सिटी पुलिस को सूचित किया गया है। वहीं एएसआइ हरमेश कुमार ने बताया कि सहायक जेल सुपरिटेंडेंट चमन लाल की शिकायत पर कैदी सतनाम सिंह व सहायक जेल सुपरिटेंडेंट पर हमला करने वाले सुखविदर सिह, जसवीर सिंह, अजय कुमार व अमनप्रीत सिंह पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। जेल में बंद कैदी ने की आत्महत्या की कोशिश संवाद सहयोगी, रूपनगर: जिला जेल में बंद एक कैदी ने पहले अपनी बैरक में और बाद में जेल के अस्पताल में आत्महत्या करने की कोशिश की। इस पर जेल स्टाफ ने कैदी के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। सहायक जेल सुपरिंटेंडेंट मलकीयत सिंह ने बताया कि कैदी अमनदीप सिंह ने रविवार सुबह सबसे पहले अपनी बैरक नंबर पांच के बाथरूम में आत्महत्या करने की कोशिश की, जिसे स्टाफ ने मौके पर उसे ऐसा करने से रोक बाद में जेल अस्पताल में उपचार के लिए लाया। वहां भी कैदी ने अपने सिर पर चोट मारते हुए आत्महत्या करने की नाकाम कोशिश की। इस बारे थाना सिटी के पास मामला दर्ज करवाया है। वहीं एएसआई खुशहाल सिंह ने बताया कि सहायक जेल सुपरिटेंडेंट मलकीयत सिंह के बयान पर कैदी अमनदीप सिंह के खिलाफ आइपीसी की धारा 309 के तहत मामला दर्ज किया है।

chat bot
आपका साथी