रूपनगर भाजपा में भूचाल, जिला प्रधान ने दी पूर्व मंत्री मित्तल के नेतृत्व में चुनाव लड़ने के फरमान को चनौती

रूपनगर में प्रधान जतिंदर सिंह अठवाल ने इस्तीफा देने का मन बना लिया है। हाईकमान ने नगर कौंसिल चुनाव वरिष्ठ नेता मदन मोहन मित्तल के नेतृत्व में लड़ने को कहा है जिसे जतिंदर ने मानने से इनकार कर दिया है।

By Pankaj DwivediEdited By: Publish:Tue, 01 Dec 2020 01:15 PM (IST) Updated:Tue, 01 Dec 2020 01:15 PM (IST)
रूपनगर भाजपा में भूचाल, जिला प्रधान ने दी पूर्व मंत्री मित्तल के नेतृत्व में चुनाव लड़ने के फरमान को चनौती
रूपनगर भाजपा के पदाधिकारी जिला अध्यक्ष के इस्तीफे को लेकर चंडीगढ़ में डेरा जमाए हैं। (सांकेतिक फोटो)

रूपनगर, जेएनएन। जिला भाजपा में मंगलवार को बड़ा धमाका हुआ। प्रधान जतिंदर सिंह अठवाल ने पार्टी हाईकमान को इस्तीफा देने का मन बना लिया है। नगर कौंसिल चुनावों से पहले ऐसा होना भाजपा के लिए शुभ संकेत नहीं माना जा सकता। पहले ही देश भर में खेती सुधार कानूनों का किसान संगठनों की तरफ से विरोध के स्वर मुखर हो रहे हैं। ऐसे में रूपनगर में भाजपा के प्रधान का इस्तीफा देने की धमकी से जिला संगठन में विरोध के स्वर मुखर हो गए हैं।

विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक भाजपा हाईकमान ने जिला प्रधान जतिंदर सिंह अठवाल को नगर कौंसिल, नगर पंचायत चुनाव पूर्व कैबिनेट मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता मदन मोहन मित्तल की रहनुमाई में लड़ने को कहा है। वहीं, जिला प्रधान ने स्वतंत्र तौर पर काम करने की बात कही है। उन्होंने दावा किया है कि वह अपने कार्यकाल में पार्टी को ग्रास रूट पर मजबूत करने में कामयाब हुए हैं। हाईकमान के फरमान पर उन्होंने इस्तीफे की पेशकश कर दी है। पार्टी हाईकमान ने भी उन्हें इस्तीफा दे देने के लिए कह दिया।

जैसे ही पार्टी के जिले में अन्य पदाधिकारियों के पास ये मामला पहुंचा तो मंगलवार को दो दर्जन के करीब पदाधिकारी इकट्ठे होकर पार्टी दफ्तर चंडीगढ़ पहुंच गए। इनमें भाजपा के जिला उपाध्यक्ष हरमिंदरपाल वालिया, रचना लांबा, महासचिव रमन जिंदल, जिला सचिव एडवोकेट रमित केहर, भाजपा मंडल प्रधान राजेश्वर जैन राजू ने नगर कौंसिल नंगल के संगठन प्रभारी अनिल सरीन के सामने रोष प्रकट किया। ये पदाधिकारी फिलहाल चंडीगढ़ दफ्तर में ही हैं और दिल्ली से आए संगठन के पदाधिकदारियों से मिलने का इंतजार कर रहे हैं।

सामूहिक इस्तीफा दे सकते हैं जिला भाजपा के पदाधिकारी

जिला भाजपा के पदाधिकारी मदन मोहन मित्तल की रहनुमाई तले काम नहीं करना चाहते हैं। अगर हाईकमान उन्हें संतुष्ट नहीं करवा पाया तो जिले के पदाधिकारी सामूहिक इस्तीफे की पेशकश कर सकते हैं। अहम बात ये है कि श्री आनदंपुर साहिब से पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा हाईकमान ने मदन मोहन मित्तल की टिकट काटकर डा.परमिंदर शर्मा को दी थी। मित्तल अपने बेटे अरविंद मित्तल को आनंदपुर साहिब से भाजपा की टिकट दिलाने के इच्छुक थे पर बात नहीं बनी।

chat bot
आपका साथी