नगर कौंसिल चुनाव में वार्डों के लिए दावेदार ढूंढ़ रही भाजपा की कोर कमेटी

अकाली दल और भाजपा के बीच संबंध टूटने के बाद जिले में भाजपा अपने अस्तित्व को मजबूत करने के लिए जुट गई है। आने वाले नगर कौंसिल चुनाव में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए भाजपा के स्थानीय नेताओं ने पूरा जोर लगाया हुआ।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 26 Nov 2020 05:55 PM (IST) Updated:Thu, 26 Nov 2020 05:55 PM (IST)
नगर कौंसिल चुनाव में वार्डों के लिए दावेदार ढूंढ़ रही भाजपा की कोर कमेटी
नगर कौंसिल चुनाव में वार्डों के लिए दावेदार ढूंढ़ रही भाजपा की कोर कमेटी

अजय अग्निहोत्री, रूपनगर : अकाली दल और भाजपा के बीच संबंध टूटने के बाद जिले में भाजपा अपने अस्तित्व को मजबूत करने के लिए जुट गई है। आने वाले नगर कौंसिल चुनाव में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए भाजपा के स्थानीय नेताओं ने पूरा जोर लगाया हुआ। अब तक भाजपा अकाली दल के साथ गठबंधन की वजह से शहर के 8 वार्डों में चुनाव लड़ती रही है। अब दोनों पार्टियों के अलग होने के बाद शहर के सभी 21 वार्डों में भाजपा को अपने उम्मीदवार उतारने होंगे। इसके लिए भाजपा के पदाधिकारी उन लोगों की तलाश कर रहे हैं जो उनकी पार्टी में शामिल होकर चुनाव लड़े। फिलहाल भाजपा के पास नगर कौंसिल के 21 वार्डों में चुनाव लड़ाने के लिए उम्मीदवार पूरे नहीं है। भाजपा के नेताओं की एक टीम इसी काम में जुटी हुई है और सत्तारूढ़ पार्टी कांग्रेस और अन्य राजनीतिक और धार्मिक संगठनों के नुमाइंदों की तलाश कर रही है जिन्हें भाजपा में शामिल कर करवा कर पार्टी की स्थिति को मजबूत कर सकें।

पिछले चुनाव में 8 में 4 पर भाजपा हुई थी काबिज

पिछले नगर कौंसिल चुनाव 2015 में भाजपा ने 21 वार्डों में से 8 वार्ड में चुनाव लड़ा था और इनमें से 4 वार्डों में भाजपा के उम्मीदवार विजयी बने थे। पुरानी वार्ड बंदी के मुताबिक वार्ड नंबर 10 में रचना लांबा, 15 हरमिदर पाल सिंह वालिया, वार्ड नंबर 16 से प्रवीण छतवाल और वार्ड नंबर 20 से रमन जिदल चुनाव जीते थे। जबकि वार्ड नंबर 14, वार्ड नंबर 16, 18 और 19 में भाजपा के उम्मीदवारों को हार का मुंह देखना पड़ा था।

भाजपा ने चार वार्डों में नुमाइंदे चुने

शहर के नई वार्डबंदी के मुताबिक वार्ड के नंबर बदल गए हैं बल्कि तकरीबन सभी वार्डों में इलाके भी बदल गए। नई वार्डबंदी के मुताबिक भाजपा ने वार्ड नंबर 01, 06, 07, 20 में नुमाइंदे ढूंढ़ लिए हैं। जोकि वार्ड में भाजपा की स्थिति को मजबूत करने का काम करेंगे। बाद में इन्हें पार्टी टिकट देकर मैदान में उतार सकती है। वार्ड नंबर 01 में भाजपा ने कांग्रेस से लंबा समय जुड़ी रही सोनिया शर्मा, वार्ड नंबर 6 में टकसाली कांग्रेस परिवार से संबंधित एवं क्रिकेट कोच अश्वनी कुमार गुगली, वार्ड नंबर 7 में भजन गायक सुरजीत माही और वार्ड नंबर-20 में विक्रम भनोट को भाजपा ज्वाइन करवाई है। वार्ड नंबर-10 में बाबा बालकनाथ मंदिर चोआ मोहल्ला के सेवादार रजिदर कुमार जैन बुच्ची बाबा गठबंधन के समय ही भाजपा में शामिल हो गए थे। अभी भाजपा और 9 वार्डों के लिए नुमाइंदे ढूंढ़ने में जुटी हुई है। इस काम के लिए भाजपा ने एक कोर कमेटी बनाई हुई है जो शहर के ऐसे परिवारों की खोज कर रही है जो इलाके में अच्छी पैठ रखते हों और नगर कौंसिल चुनाव में विरोधी पार्टियों को सख्त टक्कर दे सकते हों।

सभी 21 वार्डों में मजबूती से लड़ेगी भाजपा: वालिया

भाजपा के जिला उपाध्यक्ष हरमिदरपाल सिंह वालिया ने कहा कि गठबंधन में भाजपा रूपनगर शहर में आठ वार्डों में लड़ती थी अब भाजपा सभी 21 वार्डों में मजबूती से लड़ेगी। जो लोग भाजपा की नीतियों से हम राय हो रहे हैं उन्हें भाजपा ज्वाइन करवाई जा रही है।

chat bot
आपका साथी