प्रभु को साक्षी मानकर करें जीवन यापन : स्वामी अतुल कृष्ण
लोक कल्याण के उद्देश्य से संत आश्रम डेरा ठाकुर वणा सनोली में आयोजित श्रीराम कथा के तीसरे दिन भी भक्तजनों का अध्यात्मिक मार्गदर्शन किया गया। श्री राम कथा में स्वामी अतुल कृष्ण जी महाराज ने प्रवचन दिए।
जागरण संवाददाता, नंगल : लोक कल्याण के उद्देश्य से संत आश्रम डेरा ठाकुर वणा सनोली में आयोजित श्रीराम कथा के तीसरे दिन भी भक्तजनों का अध्यात्मिक मार्गदर्शन किया गया। श्री राम कथा में स्वामी अतुल कृष्ण जी महाराज ने प्रवचन दिए। उन्होंने कहा कि हमें हमेशा भगवान को साक्षी मानकर ही जीवन यापन करना चाहिए। प्रभु कृपा से ही हम जीवन में ज्ञानवान बनकर समाज का कल्याण कर सकते हैं। पूज्य श्री ने कहा कि परमात्मा पराया नहीं है, यह सूत्र जितनी जल्दी समझ में आ जाए तो मंगल ही मंगल है। परमात्मा का आशीर्वाद जीवन में बेहद अनिवार्य है।
कथा में स्वयंभू मनु एवं शतरूपा की तपस्या, सनकादि ऋषियों का जय एवं विजय को श्राप देना, राजा प्रतापभानु की कथा, देवताओं का भगवान से अवतरित होने के लिए प्रार्थना करना एवं अयोध्या में श्रीराम के अवतार का प्रसंग सभी ने बड़ी श्रद्धा से सुना। इस अवसर पर भैरव गिरि जी महाराज, हजारी लाल कौशल, जितेन्द्र कुमार कौशल, राजेश कौशल, केवल कृष्ण, सुरेन्दर नाथ कौशल, प्रदीप धीमान, सुभाष, शिव कुमार धीमान आदि ने विशेष उपस्थित होकर कथा श्रवण करके लोक कल्याण की कामना की।