घर-घर नौकरी देने का वादा पूरा करे कांग्रेस

नंगल नगर कौंसिल के कर्मचारियों की राज्यव्यापी हड़ताल बुधवार को 42वें दिन में प्रवेश कर गई है।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 23 Jun 2021 04:08 PM (IST) Updated:Wed, 23 Jun 2021 11:24 PM (IST)
घर-घर नौकरी देने का वादा पूरा करे कांग्रेस
घर-घर नौकरी देने का वादा पूरा करे कांग्रेस

जागरण संवाददाता, नंगल: नंगल नगर कौंसिल के कर्मचारियों की राज्यव्यापी हड़ताल बुधवार को 42वें दिन में प्रवेश कर गई है। इस दौरान कर्मचारियों ने मांगों की अनदेखी करने पर पंजाब सरकार के विरुद्ध नारेबाजी की। हालांकि इस दौरान कांग्रेस के पार्षद भी मौके पर मौजूद थे। कांग्रेस पार्षद हड़ताली कर्मचारियों के पक्ष में प्रस्ताव भी पारित कर चुके हैं। इसके बावजूद प्रदर्शनकारियों ने जमकर पंजाब सरकार के विरुद्ध नारेबाजी की मांग की कि जल्द सभी पार्षद अपने पदों से इस्तीफा दें, तभी संघर्ष को सफल बनाया जा सकता है।

धरने में एक्शन कमेटी के ललित कुमार ने कहा कि कांग्रेस सरकार को अपना वादा पूरा कर घर-घर नौकरी देकर बेरोजगारी दूर करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नौकरी देना तो दूर जैसे ही साढे चार साल पहले राज्य में कांग्रेस सरकार बनी थी, तभी आते ही उन्होंने पहले से कांट्रैक्ट कर्मचारियों को पक्का करना तो दूर, उन्हें नौकरी से निकाल दिया था। इसके बाद हाईकोर्ट जाकर शरण लेनी पड़ी, तब जाकर सफाई सेवकों जैसे कर्मचारियों को रोटी रोजी मिल सकी। अब फिर लंबे समय तक इंतजार करने के बाद कर्मचारियों को मजबूरन जोरदार संघर्ष शुरू करना पड़ा है, जिसे कर्मचारियों को पक्का करने की अधिसूचना जारी होने के बाद ही समाप्त किया जाएगा। कांग्रेस पार्षद स्थानीय विधायक एवं पंजाब विधानसभा के स्पीकर के माध्यम से सरकार पर दबाव बनाएं, ताकि हड़ताल पर बैठे सभी श्रेणी के कर्मचारियों को रेगुलर करवाया जा सके। .. तो इस्तीफा देने से पीछे नहीं हटेंगी : अनिता शर्मा उधर कौंसिल कर्मचारियों के संघर्ष को समर्थन देने वाले कांग्रेस पार्टी के पार्षदों के साथ पहुंची वरिष्ठ उप प्रधान अनीता शर्मा ने कहा कि नंगल कौंसिल पंजाब की पहली कौंसिल है जिसने अपनी कांग्रेस सरकार का शासन होते हुए कर्मचारियों के पक्ष में प्रस्ताव पारित किया है। इसमें पंजाब विधानसभा के स्पीकर राणा केपी सिंह ने भी सहमति जताई है । उम्मीद है कि दो-चार दिन में कर्मचारियों का मसला हल हो जाएगा। इसलिए बेवजह हड़ताल पर सियासत न की जाए। इस्तीफे की मांग पर उन्होंने कहा कि यदि उनके इस्तीफा देने से बात बनती है, तो वह कर्मचारियों के पक्ष में इस्तीफा देने से भी पीछे नहीं हटेंगी। जायज है कर्मचारियों का संघर्ष: पम्मा कांग्रेस प्रवक्ता एवं पार्षद एडवोकेट परमजीत सिंह पम्मा ने कहा कि वे सभी संघर्ष को जायज मानते हैं। पंजाब विधानसभा के स्पीकर राणा केपी सिंह ने खुद धरने पर आकर कर्मचारियों के साथ जरी हड़ताल पर बैठते हुए उनके साथ हमदर्दी जताते हुए भरोसा दिलाया है कि उनकी मांग को निश्चित रूप से पूरा करवाया जाएगा। संघर्ष कर रहे कर्मचारी किसी भी समय कांग्रेस पार्षदों को कहीं भी साथ ले जा सकते हैं। चाहे रूपनगर हो या फिर पंजाब सरकार के चंडीगढ़ के दरबार में। इस मौके पर पार्षद सोनिया सैनी, इंदु बाला, वीना ऐरी, रोजी शर्मा, मनजीत मट्टू, सुरेंद्र पम्मा, सुनील शर्मा आदि भी मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी