किसानों ने जाम किया चंडीगढ़-रूपनगर एनएच

बारिश के दौरान किसानों की कटाई के बिना रह गई धान की फसल की खरीद सुनिश्चित न करने के विरोध में किसानों का रोष बुधवार को फूट पड़ा।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 24 Nov 2021 09:52 PM (IST) Updated:Wed, 24 Nov 2021 09:52 PM (IST)
किसानों ने जाम किया चंडीगढ़-रूपनगर एनएच
किसानों ने जाम किया चंडीगढ़-रूपनगर एनएच

जागरण संवाददाता, रूपनगर: बारिश के दौरान किसानों की कटाई के बिना रह गई धान की फसल की खरीद सुनिश्चित न करने के विरोध में किसानों का रोष बुधवार को फूट पड़ा। किसानों ने भारतीय किसान यूनियन कांदियां की अगुवाई में चंडीगढ़-रूपनगर हाईवे पर बन्नमाजरा गांव के पास ट्रैफिक जाम लगा दिया। ट्रैफिक जाम लगने की भनक प्रशासन को पहले नहीं थी और किसानों ने एकदम हाईवे रोक दिया। बन्नमाजरा से रूपनगर की तरफ सोलखियां टोल तक और खरड़ की तरफ कई किलोमीटर तक लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। सुबह 11 बजे से लेकर दोपहर ढाई बजे तक किसान हाईवे पर बैठे रहे और इस दौरान कुराली-मोरिडा मार्ग पर भी किसानों ने ट्रैफिक रोक दिया। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने किसानों को किसी तरह मनाया और कुराली मंडी में जिला मोहाली के किसानों कटाई से वंचित रह गई फसल की खरीद तुरंत सुनिश्चित करवाई जबकि रूपनगर जिले में रूपनगर या कीरतपुर साहिब में वीरवार को खरीद सुनिश्चित करवाने का आश्वासन दिलाया। इसके बाद किसानों ने ट्रैफिक जाम हटाया। इससे पहले प्रदर्शनकारी किसान नेताओं ने मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी पर आरोप लगाया कि वह किसान संगठनों के साथ हुई मुख्यमंत्री की बैठक में 18 सूत्री मांगों पर बातचीत हुई थी और सभी को मुख्यमंत्री ने पूरा करने का आश्वासन दिलाया था। उन 18 मांगों में ही यह मांग भी शामिल थी कि खरीद बेशक बंद हो गई है, लेकिन सरकार उन किसानों की धान की फसल की खरीद सुनिश्चित करवाएगी, जिनकी फसल बारिश की वजह से काटी नहीं जा सकी। भारतीय किसान यूनियन कादियां के जिला प्रधान रेशम सिंह बडाली ने कहा कि पंजाब में पांच फीसद ही फसल होगी जो बारिश की वजह से समय पर काटी नहीं जा सकी। रेशम सिंह बडाली ने बताया कि जिला मोहाली की कुराली की अनाज मंडी में नौ नवंबर से धान की सरकारी खरीद बंद हो गई थी और रूपनगर जिले की अनाज मंडी में 11 नवंबर को फसल की सरकारी खरीद बंद हो गई थी। बेमौसमी बारिश की वजह से धान की फसल पहुंचाने में असमर्थ रहे बड़ी संख्या में किसानों की तरफ से संयुक्त मोर्चे के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी से मुलाकात की थी। बडाली ने कहा कि आम लोगों को हुई परेशानी के लिए उनको बहुत खेद है, लेकिन सरकार का रवैया अगर पहले ही सकारात्मक होता, तो उन्हें ट्रैफिक जाम नहीं करना पड़ता। पुलिस अफसरों ने खुलवाया जाम उधर किसानों के हाईवे पर ट्रैफिक जाम लगाने के बाद प्रशासन एकदम सक्रिय हो गया। मोहाली और रूपनगर जिले के प्रशासन, फूड एंड सप्लाई विभाग के अधिकारी और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। रूपनगर के एसपी हरबीर सिंह अटवाल और मुल्लांपुर-02 के डीएसपी विक्रमजीत सिंह बराड़ ने प्रदर्शनकारियों को समझाया। एसपी अटवाल ने किसानों को तुरंत उनकी फसल की खरीद सुनिश्चित करवाने का आश्वासन प्रशासन की तरफ से दिया। इस मौके पर भारतीय किसान यूनियन राजेवाल के प्रांतीय महासचिव परमिदर सिंह चलाकी, बहादुर सिंह ढंगराली, अमरजीत सिंह ककराली, दलबीर सिंह भागोमाजरा, दिलबाग सिंह बडाली, अमन बन्नमाजरा, रणवीर सिंह बडाली, कुलविदर सिंह मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी