एक दिन पहले पुलिस पर उठाए सवाल, अब कहा केस रद कर दो

बीते दिनों पंजाब कांग्रेस के नवनियुक्त प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू मोरिडा एवं चमकौर साहिब के दौरे पर आए थे।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 26 Jul 2021 09:37 PM (IST) Updated:Mon, 26 Jul 2021 09:37 PM (IST)
एक दिन पहले पुलिस पर उठाए सवाल, अब कहा केस रद कर दो
एक दिन पहले पुलिस पर उठाए सवाल, अब कहा केस रद कर दो

जागरण संवाददाता, रूपनगर: बीते दिनों पंजाब कांग्रेस के नवनियुक्त प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू मोरिडा एवं चमकौर साहिब के दौरे पर आए थे। इस दौरान रास्ते में किसानों ने उन्हें काली झंडियां दिखाकर उनका यहां आने पर विरोध किया था। इसके बाद रविवार को 45 किसानों पर हुल्लड़बाजी करने के आरोप में पुलिस ने केस दर्ज किया था। मामले में कैबिनेट मंत्री चरणजीत चन्नी ने रविवार को पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाया था और अगले ही दिन सोमवार को यू टर्न लेते हुए चमकौर साहिब पुलिस द्वारा पंजाब कांग्रेस के प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू की फेरी के दौरान हुल्लड़बाजी करने के आरोप में संदिग्धों पर दर्ज की एफआइआर रद करने के लिए न सिर्फ पुलिस को पत्र लिख दिया। इसके अलावा किसानों का आक्रोश झेलने से बचने के लिए मीडिया में भी दे दिया कि सिद्धू का कार पर हमला करने वाले किसान नहीं, शरारती तत्व थे। वहीं रूपनगर में सोलखियां टोल प्लाजा पर किसान संगठनों के साझे मोर्चे द्वारा दिए धरने में किसान संगठनों के नुमाइंदों ने कहा कि जब तक एफआइआर रद होने का पक्का सबूत नहीं मिल जाता, किसानों का आक्रोश जारी रहेगा। इस मामले में चन्नी ने सिद्धू के दौरे के बाद पहले जिला पुलिस की व्यवस्था पर अंगुली उठाई थी और पुलिस ने किसान संघर्ष में जुड़े चार लोगों समेत 40-45 लोगों के खिलाफ मारपीट के आरोप में मामला दर्ज कर लिया था, लेकिन इस मामले का विरोध होने के बाद तुरंत कैबिनेट मंत्री ने अपना पक्ष जारी कर दिया। चन्नी ने कहा कि सिद्धू के बोलने से जिन्हें डर लगता है, वही विरोध कर रहे हैं और किसानों के झंडों में बहरूपिये बनकर आते हैं। जो मामला दर्ज हुआ, वह हमारे कहने पर नहीं हुआ। हम कोई कार्रवाई नहीं करवाना चाहते। इसलिए जो मामला पुलिस ने अपने स्तर पर दर्ज किया, उसे खारिज करने के लिए कह दिया गया है। इधर सोलखियां टोल प्लाजा पर दिया धरना वहीं रूपनगर में सोलखियां टोल प्लाजा पर चमकौर साहिब में किसान नेताओं पर पुलिस की एफआइआर दर्ज करने के विरोध में किसानों ने धरना दिया। इस दौरान उन्होंने पुलिस केस रद करने की मांग की। मौके पर एसपी (डी) अजिदर सिंह ने पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को विश्वास दिलाया कि चमकौर साहिब में पुलिस द्वारा किसानों पर दर्ज केस रद किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी