गलियां-नालियां न बनने पर पार्षद के खिलाफ नारेबाजी

नगर कौंसिल के वार्ड नंबर-31 गुरु नानक नगर निवासी गलियों-नालियों की खराब स्थिति से परेशान हैं।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 07 Jun 2021 06:42 PM (IST) Updated:Mon, 07 Jun 2021 06:42 PM (IST)
गलियां-नालियां न बनने पर पार्षद के खिलाफ नारेबाजी
गलियां-नालियां न बनने पर पार्षद के खिलाफ नारेबाजी

संस, राजपुरा (पटियाला) : नगर कौंसिल के वार्ड नंबर-31 गुरु नानक नगर निवासी गलियों-नालियों की खराब स्थिति से परेशान हैं। कालोनी के लोगों ने वार्ड की पार्षद राजरानी व उसके बेटे स्वर्णदीप सिंह के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी बात हाईकमान तक न पहुंचाने के भी कालोनी वासियों ने आरोप लगाए।

वार्डवासी अरुण भारद्वाज, अजय वर्मा, राज रानी, रमेश चंद्र, हरप्रीत सिंह सहित कई अन्यों ने बताया कि पिछले दस साल से कालोनी के लोग नारकीय जीवन जी रहे हैं। सड़कें टूटी हुई हैं, गलियां व नालियां गंदगी से भरी पड़ी हैं। नालियों का पानी ओवरफ्लो होकर लोगों के घरों में जा रहा है। गंदे पानी से उठती बदबू से लोग परेशान हैं।

इस संबंध में कई बार नगर कौंसिल के ईओ को शिकायत की जा चुकी है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। यही नहीं, रात में गलियों में अंधेरा रहने पर इलाके के लोगों ने पैसे जमा करके गली में स्ट्रीट लाइटें लगवाई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी वे वार्ड की पार्षद से मिलने जाते हैं तो उनका बेटा स्वर्णदीप गलत व्यवहार करता है और उन्हें लौटा देता है। इसी से दुखी होकर वे प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने राजपुरा के विधायक हरदयाल सिंह कंबोज से आग्रह किया कि उनके वार्ड भी दशा सुधारी जाए। मां को पार्षद बने थोड़ा ही समय हुआ है। इससे पहले कोई भी प्रपोजल पास नहीं हुआ था। अब टेंडर पास करवाकर सीवरेज सिस्टम सही करने के साथ साथ गलियों नालियों के अलावा सड़कों का भी कार्य शुरू करवाया जाएगा। कालोनी के लिए छह करोड़ रुपये पास हो चुके हैं।

स्वर्णदीप सिंह, पार्षद का बेटा। विधायक हरदयाल सिंह कंबोज की देख रेख में जितनी भी बाहरी कालोनियां हैं, उसके लिए सीवरेज व पानी की निकासी के लिए 41 करोड़ रुपये पास करवाए गए हैं। जल्द ही सभी कालोनियों में इसी महीने से विकास कार्य आरंभ करवा दिए जाएंगे।

नरिंदर शास्त्री, प्रधान, नगर कौंसिल

chat bot
आपका साथी