चरित्र निर्माण में संगति का महत्व

मनुष्य के चरित्र निर्माण में संगति का बहुत प्रभाव पड़ता है। हमारे शास्त्रों में सत्संगति को बहुत महत्व दिया गया है।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 30 Sep 2020 11:59 PM (IST) Updated:Wed, 30 Sep 2020 11:59 PM (IST)
चरित्र निर्माण में संगति का महत्व
चरित्र निर्माण में संगति का महत्व

मनुष्य के चरित्र निर्माण में संगति का बहुत प्रभाव पड़ता है। हमारे शास्त्रों में सत्संगति को बहुत महत्व दिया गया है। सत्संगति का अर्थ सच्चरित्र व्यक्तियों के संपर्क में रहना, उनसे संबंध बनाना है। सच्चरित्र व्यक्तियों की संगति से साधारण व्यक्ति भी महत्वपूर्ण बन जाता है। मनुष्य एक सामाजिक प्राणी है। वह समाज में ही जन्म लेता है और अंत तक रहता है। अपने परिवार, संबंधियों और आस-पड़ोस वालों और अपने कार्यस्थल में वह कई प्रकार के स्वभाव वाले व्यक्तियों के संपर्क में आता है। निरंतर संपर्क के कारण एक-दूसरे का प्रभाव एक-दूसरे के विचारों और व्यवहार पर पड़ते रहना स्वाभाविक है। बुरे व्यक्तियों के संपर्क में हम पर बुरे संस्कार पड़ते हैं और अच्छे लोगों के संपर्क में आकर हममें गुणों का समावेश होता चला जाता है। धीरे-धीरे आयु बढ़ने के साथ मनुष्य जीवन का अर्थ समझने का प्रयास करता है और उसकी संगति के अनुसार ही जीवन के प्रति उसका दृष्टिकोण बनता है। सत्संगति मनुष्य को उच्च विचारों को अपनाने के लिए प्रेरित करती है और उसके चरित्र बल को बढ़ाती है, जबकि कुसंगति में मनुष्य के चरित्र में निरंतर गिरावट आती है और मनुष्य सही मार्ग से भटककर स्वयं अपना जीवन तबाह कर लेता है।

सत्संगति का अर्थ है अच्छे लोगों की संगति, गुणी व्यक्तियों का साथ। अच्छे मनुष्य का अर्थ है वह व्यक्ति जिनका आचरण अच्छा है, जो सदा श्रेष्ठ गुणों को धारण करते और अपने संपर्क में आने वाले व्यक्तियों के प्रति अच्छा बर्ताव करते हैं। जो सत्य का पालन करते हैं, परोपकारी हैं, अच्छे चरित्र के सारे गुण उसमें विद्यमान हैं, जो निष्कपट एवं दयावान हैं, जिनका व्यवहार सदा सभी के साथ अच्छा रहता है। ऐसे अच्छे व्यक्तियों के साथ रहना, उनकी बातें सुनना, उनकी पुस्तकों को पढ़ना, ऐसे सच्चरित्र व्यक्तियों की जीवनी पढ़ना और उनकी अच्छाइयों की चर्चा करना सत्संगति के ही अंतर्गत आते हैं।

कुसंगति सत्संगति का विलोम है। दुष्ट स्वभाव के मनुष्यों के साथ रहना कुसंगति है। कुसंगति छूत की एक भयंकर बीमारी के समान है। कुसंगति का विष धीरे-धीरे मनुष्य के संपूर्ण गुणों को मार डालता है। इसके चक्कर में यदि कोई चतुर से चतुर व्यक्ति भी फंस जाता है तो उससे बच कर साफ निकल जाना उसके लिए भी संभव नहीं होता। इसी प्रकार की कुसंगति से बचना हमारा परम कर्तव्य है।

बाल्यावस्था और किशोरावस्था में तो कुसंगति से बचने और बचाने का प्रयास विशेष रूप से किया जाना चाहिए, क्योंकि इन अवस्थाओं में व्यक्ति पर संगति (चाहे अच्छी चाहे बुरी) का प्रभाव तुरंत और गहरा पड़ता है। इस अवस्था में अच्छे और बुरे का पता भी नहीं होता। इसलिए इस समय परिवार के बुजुर्गो और गुरुओं को विशेष रूप से ध्यान रख कर बच्चों को कुसंगति से बचाने का प्रयास करना चाहिए। संगति का जीवन में बड़ा गहरा प्रभाव पड़ता है। संगति से मनुष्य जहां महान बनता है, वहीं बुरी संगति उसका पतन भी करती है। कई बार व्यक्ति पढ़ाई-लिखाई करके उच्च पदों पर पहुंच तो जाता है, लेकिन संस्कारों के अभाव में सही संगति न मिलने के कारण वह हिटलर जैसा तानाशाह बन जाता है। इसी तरह छत्रपति शिवाजी बहादुर बने, क्योंकि उनकी मां ने उन्हें वैसा वातावरण दिया। सदाचरण के पालन से चाहे तो व्यक्ति ऐसा बहुत कुछ कर सकता है, जिससे उसका जीवन सार्थक हो सके, परंतु सदाचरण का पालन न करने से वह अंतत: खोखला हो जाता है।

--तोता सिंह चहल, प्रिसिपल सरकारी मल्टीपर्पज सीनियर सेकेंडरी स्कूल, पटियाला।

chat bot
आपका साथी