राजिंदरा झील के सुंदरीकरण का काम लगभग पूरा, एक महीने बाद नगर निगम को होगी सुपुर्द

एतिहासिक राजिदरा झील के सुंदरीकरण का प्रोजेक्ट पूरा होने को है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 14 May 2021 09:20 PM (IST) Updated:Fri, 14 May 2021 09:20 PM (IST)
राजिंदरा झील के सुंदरीकरण का काम लगभग 
पूरा, एक महीने बाद नगर निगम को होगी सुपुर्द
राजिंदरा झील के सुंदरीकरण का काम लगभग पूरा, एक महीने बाद नगर निगम को होगी सुपुर्द

जागरण संवाददाता, पटियाला : ऐतिहासिक राजिदरा झील के सुंदरीकरण का प्रोजेक्ट पूरा होने को है। पीडब्ल्यूडी डिपार्टमेंट के अधिकारियों के अनुसार प्रोजेक्ट के पूरा होने के करीब एक महीने बाद इस झील को नगर निगम के सुपुर्द कर दिया जाएगा। फिलहाल झील में पानी छोड़ने का काम किया जा रहा है। निगम को सुपुर्द करने के बाद यह झील लोगों के आकर्षण का केंद्र बनेगी। अधिकारियों का कहना है कि जो काम हो चुके हैं, उनकी समीक्षा की जा रही है। जो छोटे-छोटे काम अधूरे दिख रहे हैं, संबंधित ठेकेदार से पूरे करवाए जा रहे हैं।

एक करोड़ 19 लाख की लागत से झील में फव्वारे व पंप हाउस लगाया गया है और 83 लाख रुपये से इलेक्ट्रीसिटी का काम किया गया है। इसमें फुटपाथ के साथ-साथ हेरिटेज लाइटें लगाई गई हैं और करीब 31 लाख रुपये से झील की लैंड स्केपिग और सजावटी पौधे लगाने का काम किया गया है। सबसे खास बात यह है कि इस झील के तल को लेजर लेवलर से स्तरीय किया गया है। यहां पानी छोड़ने से पहले चिकनी मिट्टी की दो परतें बिछाई गई हैं ताकि पानी के रिसाव को रोका जा सके और साथ ही झील के किनारों पर बनी स्लोप पर सफेद पत्थर लगाकर इसको मजबूत किया सके। इसी के साथ पर्यटकों को लुभाने और झील की सुंदरता को बढ़ाने के लिए पांच फव्वारे लगाए गए। इनमें से एक फव्वारा करीब 80 फीट तक पानी छोड़ता है जबकि दो 50-50 फीट तक पानी गिराएंगे। इसके अलावा अन्य दो फव्वारे पानी को चारों ओर बिखेरने का काम करेंगे। सुरक्षा कारणों से झील में जलस्तर छह फीट तक रखा जाएगा, जबकि झील के चारों ओर 14 फीट तक पत्थर लगाकर किनारों को पक्का किया गया है। महात्मा गांधी की प्रतिमा वाले स्थान के एक हिस्से की दीवार को पक्का करने के साथ-साथ झील के चारों ओर सुंदर रंगीन लाइटें लगाई गई हैं।

हेरिटेज ग्रिल लगाने का काम है अभी बाकी

पीडब्ल्यूडी डिपार्टमेंट के एसडीओ मयंक ने बताया कि जिस जगह महात्मा गांधी की प्रतिमा लगी है, उसके आस पास की जगह को हेरिटेज लुक देने का काम चल रहा है। हेरिटेज लुक वाली ग्रिल राजस्थान से मंगवाई है। कोविड के चलते यह ग्रिल काफी लेट मिली। इसके अलावा पेंट वर्क, मार्बल व छोटे-छोटे काम की रिपेयर और सफाई का काम चल रहा है। इस काम को करीब एक महीने में पूरा कर लिया जाएगा। उसके बाद यह झील निगम को सुपुर्द कर दी जाएगी।

chat bot
आपका साथी