घर में लाखों के गहने व नकदी लेकर फरार आरोपित छह माह बाद गिरफ्तार

थाना भादसों अधीन गांव भड़ी के एक घर में रंग रोगन करने आए मजदूर लाखों के गहने व नकदी लेकर फरार हो गए थे।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 18 Jun 2021 05:07 PM (IST) Updated:Fri, 18 Jun 2021 05:07 PM (IST)
घर में लाखों के गहने व नकदी लेकर  फरार आरोपित छह माह बाद गिरफ्तार
घर में लाखों के गहने व नकदी लेकर फरार आरोपित छह माह बाद गिरफ्तार

जासं, पटियाला : थाना भादसों अधीन गांव भड़ी के एक घर में रंग रोगन करने आए मजदूर लाखों के गहने व नकदी लेकर फरार हो गए थे। करीब छह माह पहले हुई इस घटना का पता सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने पर चला था। आरोपित इस वारदात को अंजाम देने के बाद बिहार फरार हो गए थे। जब आरोपित लौटे तो पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों की पहचान राजेश कुमार और हरी शंकर निवासी बिहार के तौर पर हुई है।

शिकायतकर्ता तरसेम लाल निवासी गांव भड़ी पनैचा ने बताया कि दिसंबर 2020 में उन्होंने अपने घर को रंग रोगन करने के लिए कुछ मजदूर काम पर लगाए थे। इसी दौरान 25 दिसंबर को उनके बेटे का फोन आया और किसी जरूरी काम से उन्हें मोहाली जाना पड़ा। इसी दौरान घर में काम कर रहे मजदूरों ने भी अपने घर जाने की बात कही। जिसके बाद वह मोहाली चले गए। उनके मोहाली जाने के बाद आरोपितों ने घर में घुसकर ताले तोड़कर घर से करीब चार लाख का सोना, 20 हजार रुपये नकदी, एक एलईडी और कपड़े चोरी कर लिए। जिसकी जानकारी उन्हें पड़ोसियों से मिली। जिसके बाद घर आकर सीसीटीवी कैमरे चेक करने पर वही मजदूर दिखे। लेकिन उनका पता या कोई जानकारी नहीं होने के चलते वह कुछ नहीं कर सके। काफी समय बाद आरोपित लौटे तो इसकी जानकारी मिलते ही उन्होंने पुलिस को सूचना दी और पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों ने अपना जुर्म कुबूल लिया है।

chat bot
आपका साथी