कैप्टन अमिरंदर सिंह के पक्ष में कांग्रेस के शहरी यूथ प्रधान का इस्तीफा

कांग्रेस के यूथ शहरी प्रधान अनुज खोसला ने शुक्रवार को अपने पद से ही नहीं अपितु कांग्रेस की सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 03 Dec 2021 07:52 PM (IST) Updated:Fri, 03 Dec 2021 07:52 PM (IST)
कैप्टन अमिरंदर सिंह के पक्ष में कांग्रेस के शहरी यूथ प्रधान का इस्तीफा
कैप्टन अमिरंदर सिंह के पक्ष में कांग्रेस के शहरी यूथ प्रधान का इस्तीफा

जागरण संवाददाता, पटियाला : कांग्रेस के यूथ शहरी प्रधान अनुज खोसला ने शुक्रवार को अपने पद से ही नहीं अपितु कांग्रेस की सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है। अनुज खोसला ने अपना इस्तीफा आल इंडिया यूथ कांग्रेस प्रधान निवास बीवी को भेज दिया है। अनुज खोसला पंजाब के पहले यूथ कांग्रेस नेता हैं, जिन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिदर सिंह के पक्ष में अपना इस्तीफा दिया है। खोसला ने कहा कि अपने राजनीतिक गुरू कैप्टन अमरिदर सिंह और लोकसभा सदस्य सांसद परनीत कौर के प्रति पूरी तरह से समर्पित हैं और उनके प्रति अपनी वफादारी को बरकरार रखते हुए अपना इस्तीफा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि पटियाला शहरी यूथ कांग्रेस का पद छोड़ते हुए उन्हें कोई मलाल नहीं है, बल्कि वह पंजाब लोक कांग्रेस के जरिए अपनी सेवाएं देकर अपनी पूरी टीम सहित कै. अमरिदर के लिए चुनाव प्रचार करेंगे।

दूसरी ओर जिला यूथ कांग्रेस के प्रधान संजीव शर्मा कालू ने कहा कि यूथ कांग्रेस के हलका पटियाला शहरी के प्रधान अनुज खोसला को बर्खास्त कर दिया गया है। कालू ने कहा कि अनुज खोसला पार्टी विरोधी गतिविधियों में हिस्सा ले रहे थे। उन्होंने कहा कि बीती 14 नवंबर को पूर्व मुख्यमंत्री अमरिदर सिंह, जोकि कांग्रेस पार्टी को छोड़कर अपनी पार्टी बना चुके हैं, उनके फार्म हाउस सिसवां फार्म में अनुज खोसला की तरफ से अपने साथियों समेत पहुंच कर मुलाकात भी की गई। उनकी तरफ से कैप्टन अमरिदर सिंह के हक में नारे भी लगाए गए। पार्टी विरोधी गतिविधि करने संबंधी आल इंडिया यूथ कांग्रेस की तरफ से अपना स्पष्टीकरण देने के लिए 12 घंटों का समय दिया गया था। 12 घंटों में जवाब नहीं देने कारण उनकी सदस्यता को सिरे से खारिज कर दिया है। इसके साथ ही उनके साथ अन्य ब्लाक प्रधान निखिल काका, मनी गर्ग को भी बर्खास्त कर दिया गया है।

chat bot
आपका साथी