किसानों ने मीटिग कर रहे भाजपा नेताओं का किया घेराव, प्रदर्शन

यहां सरहिदी गेट के नजदीक श्री बुंदेला मंदिर में चल रही भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक में हंगामा खड़ा हो गया।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 22 Apr 2021 08:39 PM (IST) Updated:Thu, 22 Apr 2021 08:39 PM (IST)
किसानों ने मीटिग कर रहे भाजपा  नेताओं का किया घेराव, प्रदर्शन
किसानों ने मीटिग कर रहे भाजपा नेताओं का किया घेराव, प्रदर्शन

जागरण संवाददाता, पटियाला : यहां सरहिदी गेट के नजदीक श्री बुंदेला मंदिर में चल रही भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक में उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब अचानक तीन किसान जत्थेबंदियों के सदस्य विरोध करने के लिए मीटिग वाली जगह पहुंच गए। किसानों का विरोध देख काफी संख्या में पुलिस प्रशासन भी तुरंत पहुंच गया। इस दौरान किसानों ने भाजपा नेता व केंद्र सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन कर नारेबाजी करना शुरू कर दिया। प्रदर्शन में किसानों के साथ महिलाएं भी शामिल थीं। हालांकि इस दौरान पुलिस प्रशासन ने किसानों को रोकने की कोशिश भी पर किसानों ने पुलिस अधिकारियों की एक नहीं सुनी। जिसके चलते पुलिस प्रशासन व किसानों में धक्कामुक्की हुई। किसानों के विरोध को देख भाजपा वर्करों की बैठक की अगुआई कर रहे जिला प्रभारी पटियाला डा. सुभाष वर्मा व जिला प्रधान हरिदर कोहली और प्रदेश कार्यकारणी सदस्य गुरतेज सिंह ढिल्लों को पुलिस ने किसानों के विरोध से बचाकर गाड़ियों में बैठाकर रवाना किया।

उधर, भाजपा नेताओं का विरोध करने के दौरान किसान व पुलिस प्रशासन के बीच हुई धक्कामुक्की के खिलाफ किसानों ने यहां बस स्टैंड वाले चौक पर धरना देकर प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस कर्मचारियों ने किसानों से माफी मांगी, जिसके बाद किसानों ने बस स्टैंड वाले चौक से धरना खत्म किया। प्रदर्शन करने वाली किसान जत्थेबंदियों में भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां, भारतीय किसान यूनियन डकौंदा व क्रांतिकारी किसान यूनियन के सदस्य मौजूद रहे। इस दौरान जिला प्रधान जसवंत सिंह, ब्लाक प्रधान जगदीप सिंह, हरप्रीत सिंह दौण व मनदीप सिंह और गुरजंट सिंह ने कहा कि दिल्ली बार्डर पर किसान लंबे समय से तीन कृषि कानून को रद करवाने के लिए बैठे हैं, पर केंद्र किसानों की मांग पूरी करने की जगह उनसे धक्का कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य भर में किसानों द्वारा भाजपा नेताओं का विरोध किया जा रहा है और यह विरोध तीन कृषि कानून रद होने तक जारी रहेगा।

chat bot
आपका साथी