कोर्ट में नौकरी दिलवाने के नाम पर छह लाख रुपये ठगे

कोर्ट में नौकरी दिलाने और प्लाट का जाली ब्याना करके करीब साढ़े आठ लाख रुपये ठगने के मामले में थाना त्रिपड़ी पुलिस ने अनिल कुमार निवासी स्थानीय कृष्णा कालोनी के खिलाफ केस दर्ज किया है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 19 Mar 2021 11:58 PM (IST) Updated:Fri, 19 Mar 2021 11:58 PM (IST)
कोर्ट में नौकरी दिलवाने के नाम पर छह लाख रुपये ठगे
कोर्ट में नौकरी दिलवाने के नाम पर छह लाख रुपये ठगे

जागरण संवाददाता, पटियाला : कोर्ट में नौकरी दिलाने और प्लाट का जाली ब्याना करके करीब साढ़े आठ लाख रुपये ठगने के मामले में थाना त्रिपड़ी पुलिस ने अनिल कुमार निवासी स्थानीय कृष्णा कालोनी के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपित इतना शातिर है कि उसने पंजाब पुलिस के स्पेशल ब्रांच के रिटायर्ड इंस्पेक्टर और आर्मी के रिटायर्ड कर्मचारी को अपनी ठगी का शिकार बना लिया। आरोपितों ने जहां पहले रिटायर्ड आर्मी कर्मचारी दर्शन सिंह को ठगी का शिकार बनाया, वहीं उसके पैसे लौटाने के मकसद से दर्शन सिंह के साथ रिटायर्ड इंस्पेक्टर के प्लाट का ढाई लाख रुपये का जाली बयाना कर लिया।

मामले संबंधी जानकारी देते हुए रिटायर्ड इंस्पेक्टर सुरिदरपाल सिंह ने बताया कि दर्शन सिंह निवासी खालसा नगर-बी आर्मी से रिटायर्ड हैं और नौकरी की तलाश में थे। इस दौरान उनकी जान पहचान अनिल कुमार से हुई। अनिल कुमार सेशन कोर्ट पटियाला में नौकरी करता था और उसने छह लाख रुपये में दर्शन सिंह को नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। जिसके चलते दर्शन सिंह ने अप्वाइंटमेंट लेटर लेने के बाद उसे छह लाख देने की बात कही। जिसके चलते आरोपित अनिल कुमार ने उसे जाली अप्वाइंटमेंट लेटर देकर छह लाख रुपये ले लिए। जब दर्शन सिंह ज्वाइन करने कोर्ट पहुंचा तो आरोपित के सारे खेल का पर्दाफाश हुआ। एक केस से निकलने के लिए दूसरे को बनाया शिकार

धोखाधड़ी का पता चलते ही जब दर्शन सिंह ने आरोपित अनिल कुमार को कानूनी कार्रवाई करने की बात कही तो आरोपित उसके पैसे लौटाने के लिए राजी हो गया। जिसके बाद आरोपित अनिल कुमार ने रिटायर्ड इंस्पेक्टर सुरिदरपाल सिंह का खालसा नगर बी में मौजूद प्लाट को बेचने संबंधी संपर्क किया और कागजात चेक करवाने के बहाने उनसे असली रजिस्ट्री ले ली। उसने सुरिदरपाल के जाली दस्तख्त करके दर्शन सिंह के साथ ढाई लाख रुपये में प्लाट का जाली ब्याना कर लिया। मामले संबंधी पता चलने पर सुरिदरपाल सिंह और दर्शन सिंह ने आरोपित के खिलाफ 12 दिसंबर 2020 को पुलिस के पास शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामले की जांच के बाद 18 मार्च 2021 को केस दर्ज किया। आरोपित पर थाना त्रिपड़ी और बख्शीवाला में पहले भी दर्ज हैं मामले

सुरिदरपाल सिंह ने बताया कि आरोपित सेशन कोर्ट पटियाला में नौकरी करता था और थाना त्रिपड़ी और बख्शीवाला में पहले से ठगी के दर्ज मामलों के चलते आरोपित कोर्ट से सस्पेंड है। फिलहाल पुराने मामलों में आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित से पूछताछ जारी है और मामले में और खुलासे होने की उम्मीद है।

chat bot
आपका साथी