थाने की दस फीट की दीवार फांद कर भागा आरोपित, 33 घंटे बाद पकड़ा गया

थाने से आरोपित के भागने की सूचना मिलते ही मुलाजिमों में हड़कंप मच गया। हालांकि पुलिस ने करीब 33 घंटे बाद बाद बुधवार दोपहर को तीन बजे पंजाब-जेएंडके के बार्डर पर स्थित गांव नक्कियां से आरोपित को दोबारा गिरफ्तार कर लिया है।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 22 Sep 2021 10:40 PM (IST) Updated:Wed, 22 Sep 2021 10:40 PM (IST)
थाने की दस फीट की दीवार फांद कर भागा आरोपित, 33 घंटे बाद पकड़ा गया
थाने की दस फीट की दीवार फांद कर भागा आरोपित, 33 घंटे बाद पकड़ा गया

जागरण टीम, बमियाल/नरोट जैमल सिंह: पुलिस थाना नरोट जैमल सिंह द्वारा मोबाइल चोरी के आरोप में पकड़ा गया आरोपित अनिल कुमार मंगलवार सुबह करीब पांच बजे शौच का बहाना लगाकर थाने की दस फीट की दीवार फांद कर भाग गया। थाने से आरोपित के भागने की सूचना मिलते ही मुलाजिमों में हड़कंप मच गया। हालांकि पुलिस ने करीब 33 घंटे बाद बाद बुधवार दोपहर को तीन बजे पंजाब-जेएंडके के बार्डर पर स्थित गांव नक्कियां से आरोपित को दोबारा गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित पर करीब आधा दर्जन चोरी के मामले पहले से ही दर्ज हैं। उसके भाई पर भी चोरी के मामले चल रहे हैं।

उक्त मामले में ढिलाई बरते जाने के आरोप में पुलिस ने चार जवानों पर कार्रवाई करने की बात कही है। फिलहाल, विभाग ने किसी पर भी कोई कार्रवाई नहीं की है। मोबाइल चोरी करने के मामले में पकड़ा गया था आरोपित

बीते रविवार को मोबाइल चोरी को लेकर पुलिस थाना नरोट जैमल सिंह में प्रदीप कुमार निवासी नरोट जैमल सिंह ने शिकायत दर्ज करवाई थी। उसने बताया कि उसकी नरोट जैमल सिंह के वार्ड नंबर 3 में करियाना की दुकान है। गत रविवार दोपहर 1:50 को वह दुकान में अपना मोबाइल चार्ज लगाकर शौच के लिए गया। थोड़ देर बाद वापस आया तो अनिल कुमार उर्फ शांगू उसकी दुकान से बाहर निकल रहा था। उसने शांगू को रुकने का इशारा किया परंतु वह रुकने के बजाय भागने लगा। दुकान में देखा तो उसका मोबाइल गायब था। थाना नरोट जैमल सिंह की पुलिस ने अनिल कुमार उर्फ शांगू पर धारा 380 आइपीसी के तहत मामला दर्ज कर उसे पकड़ कर सख्ती की तो उससे मोबाइल बरामद हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर एक दिन का रिमांड लिया था। शौच के बहाने गया और दीवार फांद कर भाग गया

रिमांड के दौरान पुलिस उससे पूछताछ कर रही थी कि मंगलवार सुबह करीब पांच बजे उसने शौच जाने के लिए कहा। थाने के पिछली साइड में गंदगी व कबाड़ होने के कारण वह अंधेरे का फायदा उठाते हुए करीब दस फीट की दीवार फांद कर भाग गया। मामले में ढिलाई बरतने मुलाजिमों पर भी कार्रवाई की बात कही जा रही है। वहीं करीब 33 घंटे बाद बुधवार दोपहर तीन बजे पुलिस ने उसे काबू कर लिया है। उसपर अब चोरी के साथ पुलिस हिरासत से भागने का मामला भी दर्ज कर लिया गया है।

कोताही बरतने वाले मुलाजिमों पर कार्रवाई होगी: थाना प्रभारी

पुलिस थाना नरोट जैमल सिंह के प्रभारी मंजीत सिंह ने बताया कि आरोपित अनिल कुमार पर अब पुलिस हिरासत से फरार होने का भी मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपित को बाद दोपहर पंजाब-जेएंडके के बार्डर से गिरफ्तार किया गया है। वहीं मामले में कोताही बरतने वाले मुलाजिमों पर कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी