विकास में राजनीति : कांग्रेस पार्षदों के वार्ड की लिस्ट के हिसाब से हो रहे काम

नगर निगम की ओर से वार्डो में करवाए जा रहे विकास कार्यों में भाजपा पार्षदों के वार्डो को नजर अंदाज किया जा रहा है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 08 Jul 2021 04:00 AM (IST) Updated:Thu, 08 Jul 2021 04:00 AM (IST)
विकास में राजनीति : कांग्रेस पार्षदों के वार्ड की लिस्ट के हिसाब से हो रहे काम
विकास में राजनीति : कांग्रेस पार्षदों के वार्ड की लिस्ट के हिसाब से हो रहे काम

जागरण संवाददाता, पठानकोट : नगर निगम की ओर से वार्डो में करवाए जा रहे विकास कार्यों में राजनीति घुस गई है। नतीजतन विकास कार्य की लिस्ट में कांग्रेस पार्षदों के वार्ड की एक फेहरिस्त है, जबकि भाजपा के पार्षदों के वार्डो को नजरअंदाज किया गया है। हालांकि यह पहली लिस्ट है।

शहर में इन दिनों करीब सवा करोड़ की लागत से विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। अभी 16 वार्डों में काम चल रहा है। इन वार्डों में गलियों की मरम्मत पर जोर दिया जा रहा है। विधायक अमित विज खुद इसका उद्घाटन कर रहे हैं। मेयर पन्ना लाल भाटिया के साथ विकास कार्यो का जायजा ले रहे हैं। मगर, विकास कार्यों की लिस्ट पर नजर डाले तो सबसे अधिक काम कांग्रेस पार्षदों के वार्ड में हो रहा है। इसको लेकर कुछ लोगों में रोष भी है। उनका कहना है कि निकाय चुनाव व विधान सभा चुनाव दोनों अलग-अलग मुद्दों पर होते हैं। यह जरूरी नहीं कि इस वार्ड में उसने वोट नहीं दिया। अगर वोट नहीं भी दिया तो विकास कार्य निष्पक्ष होना चाहिए। इसमें राजनीति को कदापि न हो। इन वार्डों में चल रहे विकास कार्य

नगर निगम की ओर से जारी लिस्ट के अनुसार वार्ड नंबर पांच, 11, 12, 15, 21, 26, 27, 32, 33, 34, 35, 36, 37, 38, 40 और 42 में विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। इसमें से कुछ में गलियों का तो किसी में सीवरेज लाइन बिछाने का काम हो रहा है। लिस्ट में नजर दे तो, 13 वार्ड में कांग्रेस समर्थित पार्षद जीत कर आए हैं। तीन वार्ड 15, 33 व 35 में भाजपा के या समर्थित पार्षद हैं। नगर निगम के दायरे में 50 वार्ड हैं। निकाय चुनाव 2021 में कांग्रेस के खाते में 36, भाजपा के 12, आजाद एक व एक शिअद ने जीत हासिल की थी। बाद में निर्दलीय पार्षद कांग्रेस में शामिल हो गए थे।

दो लाख रुपये की इंटरलाकिग टायलें लगेंगी

शहर के सभी वार्डों में 1.26 करोड़ से इंटरलाकिग टाइले लगाई जानी हैं। इन वार्डों में दो-दो लाख रुपये से काम करवाए जाएंगे। पहले फेज के तहत 16 वार्डो में काम शुरु हो गया है। भाजपा पार्षदों की हो रही अनदेखी

पूर्व मेयर अनिल वासुदेवा का कहना है कि भाजपा पार्षदों के साथ-साथ उनके वार्डों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। भाजपा संबंधित वार्डो में कोई काम नहीं हो रहे, जबकि कांग्रेस से संबंधित सभी वार्डों में काम चल रहे हैं। जनता सब जानती है जिसका वह आने वाले विधान सभा चुनाव में जवाब देगी। कोई भी वार्ड अछूता नहीं : मेयर

मेयर पन्ना लाल भाटिया ने कहा कि हमने प्रत्येक वार्ड में कार्य करवाने के लिए फंड रखा है। कोई भी वार्ड अछूता नहीं रहेगा। भाजपा का कोई भी पार्षद उनके पास नहीं आया है। जिन पार्षदों ने संपर्क किया है उनके वार्ड लिस्ट में डाल दिए गए हैं। बाकियों के भी डाले जाएंगे। बाकी विपक्ष का काम केवल नुक्ताचीनी करना होता है जो भाजपा कर रही है।

chat bot
आपका साथी