कर्ज माफी को लेकर अश्वनी शर्मा का घेरा घर

सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा के घर के बाहर प्रदर्शन किया।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 08 Mar 2021 10:50 PM (IST) Updated:Mon, 08 Mar 2021 10:50 PM (IST)
कर्ज माफी को लेकर अश्वनी शर्मा का घेरा घर
कर्ज माफी को लेकर अश्वनी शर्मा का घेरा घर

जागरण संवाददाता, पठानकोट : सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा के घर के बाहर प्रदर्शन किया। पूर्व प्रधान संजीव बैंस, कांग्रेस नेता आशीष विज व नगर सुधार ट्रस्ट के चेयरमैन विभूति शर्मा के नेतृत्व में सदस्यों ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा के घर का घेराव किया। इस दौरान उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व की अकाली-भाजपा सरकार की नीतियों को लेकर नारेबाजी की। इस मौके पर एसपी मनोज ठाकुर व डीएसपी राजेंद्र मन्हास पुलिस टीम के साथ पहुंचे। पुलिस ने अश्वनी शर्मा के घर की तरफ जाने वाले रास्ते की नाकाबंदी की हुई थी। कांग्रेस के नेताओं ने कहा कि वह शांति पूर्वक ढंग से प्रदेश प्रधान अश्विनी शर्मा के समक्ष अपनी बात रखने आएं हैं। इस मौके पर उनके घर में मौजूद पवन कुमार को कांग्रेस के नेताओं ने अश्विनी शर्मा के नाम ज्ञापन भी सौंपा।

संजीव बैंस व युवा कांग्रेस नेता आशीष विज ने कहा कि अकाली दल और भाजपा को 10 मार्च 2017 को 31 हजार करोड़ रुपये के फूड सेटलमेंट की हकीकत को सामने लाना चाहिए। अकाली दल कह रहा है कि पंजाब मांगता है जवाब, लेकिन पंजाब हिसाब भी मांगता है। क्योंकि, 2017 में जब वित्त मंत्रालय ने 19000 करोड़ रुपये की प्रिसिपल देनदारी में 6000 करोड़ रुपये केंद्र सरकार द्वारा देने पर सहमति दे दी थी तो फिर तत्कालीन खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री आदेश प्रताप कैरों और परमिदर सिंह ढींडसा की क्या मजबूरी थी कि उन्होंने पंजाब के सिर पर 31000 करोड़ रुपये का कर्जा चढ़ा दिया। युवा नेता आशीष विज व जिला प्रधान संजीव बैंस ने कहा कि यह केवल 31000 करोड़ नहीं, बल्कि पंजाब को 20 साल में 70 हजार करोड़ रुपये का भुगतान करना पड़ेगा। अगर पंजाब के सिर पर 13000 करोड़ रुपये का कर्ज होता तो राज्य को 950 करोड़ रुपये के ब्याज का भुगतान करना पड़ता। संजीव बैंस ने कहा कि पूर्व सरकार ने जो सेटलमेंट की है उसके मुताबिक वही कर्ज अब 62 हजार करोड़ हो चुका है जिसे अगले पंद्रह से बीस वर्षों में पूरा किया जाना है। उन्होंने कहा कि इन बीस वर्षों तक पंजाब को विकास की राह पर ले जाना मुश्किल हो जाएगा। कारण, कर्ज ही सरकार पर इतना हो गया है कि उससे पार पाना मुश्किल कार्य है।

यह रहे मौके पर मौजूद

इस मौके पर उनके साथ प्लानिग बोर्ड के चेयरमैन अनिल दारा, ट्रस्ट चेयरमैन विभुति शर्मा, कार्पोरेटर पन्ना लाल भाटिया, गणेश महाजन, गणेश कुमार, राकेश बबली, टेक चंद सैनी, राज कुमार काका, जतिन वालिया, अभी शर्मा, गौरव वडैहरा, नीतिन महाजन, भानु प्रताप, रमेश कुक, जनक राज, विनोद रामगड़िया, विजय शर्मा, जोगिन्द्र पहलवान, उपदेश गब्बर, बिल्ला एमसी, गगनदीप सिमह, विकास महाजन, बलविन्द्र ज्योति, करण, के अतिरिक्त अन्य गणमान्य भी उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी