अमन व्यवस्था ताक पर, 37 दिनों में पांच जगहों पर चली गोलियां

नवांशहर/बंगा जिले में गोली चलने की घटनाएं आम होने लगी हैं। इससे आम जन दहशत में है। गत 37 दिनों में ही जिले में गोली चलने की पांच घटनाएं हो चुकी हैं। इसके कारण दो मौतें भी हुई हैं। छोटे जिले में गोली चलने की ये घटनाएं इस ओर इशारा करती हैं कि असामाजिक तत्वों में कानून व पुलिस का खौफ नहीं रहा है। वे जब चाहें गोली चला रहे हैं। हालांकि इस बारे में पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किए है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 25 Feb 2021 10:47 PM (IST) Updated:Fri, 26 Feb 2021 06:31 AM (IST)
अमन व्यवस्था ताक पर, 37 दिनों में पांच जगहों पर चली गोलियां
अमन व्यवस्था ताक पर, 37 दिनों में पांच जगहों पर चली गोलियां

जागरण संवाददाता, नवांशहर/बंगा

जिले में गोली चलने की घटनाएं आम होने लगी हैं। इससे आम जन दहशत में है। गत 37 दिनों में ही जिले में गोली चलने की पांच घटनाएं हो चुकी हैं। इसके कारण दो मौतें भी हुई हैं। छोटे जिले में गोली चलने की ये घटनाएं इस ओर इशारा करती हैं कि असामाजिक तत्वों में कानून व पुलिस का खौफ नहीं रहा है। वे जब चाहें गोली चला रहे हैं। हालांकि इस बारे में पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किए है।

इसी कड़ी में 23 फरवरी को बंगा के गांव मजारी में देर सायं लगभग 7.45 बजे गोली चलने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। इस बारे में पुलिस ने गोली चलाने वाले आरोपित के खिलाफ हत्या व इरादा कत्ल के आरोप में केस दर्ज किया है। इस बारे में पुलिस को गांव मजारी के रहने वाले अजय वर्मा ने शिकायत दी है। उसने बताया है कि वो अपने ताया के बेटे बलवीर के साथ मजारी के अड्डे पर मौजूद था। उनके पास ही गांव का देसराज व उसका बेटा सुरिदर पाल खड़ा था। तभी बंगा की ओर से एक पल्सर मोटरसाइकिल पर दो युवक आए। उन्होंने पिस्तौल से चार फायर किए। जिसमें से एक गोली देसराज को लगने से उसकी मौत हो गई। आरोप है कि गोली चलाने वाला हमलावर जालंधर के गांव पाला का रहने वाला किरनजीत सिंह उर्फ जस्सा है, जो अपने नानके गांव हप्पोवाल में रह रहा है। इस बारे में पुलिस ने किरनजीत सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कारवाई शुरू कर दी है।

---------------

कब कब चली गोलियां

15 फरवरी :

गैंगस्टर सुरजीत सिंह की गोली लगने से मौत

गांव हिओं में 15 फरवरी को आधी रात के बाद लगभग ढाई बजे एक घर पर थार जीप में आए गैंगस्टर सुरजीत सिंह ने अपने छह-सात साथियों के साथ लखविंदर सिंह उर्फ मटरू के घर पर गोलियां चलाई और गेट को तोड़ने की कोशिश की। इस दौरान ईंट-पत्थर भी फेंके गए। इस हमले में गैंगस्टर सुरजीत सिंह कूनर की मौत गई थी। वह ट्रक यूनियन बंगा के पूर्व प्रधान सुरजीत सिंह मन्ना का इकलौता पुत्र था।

----------------

20 फरवरी : तीन सांभरों को मारा

थाना पोजेवाल पुलिस ने तीन सांभरों को मारने के आरोप में केस दर्ज किया है। इस बारे में पुलिस को गांव चंदियाणी के रहने वाले रमन ने शिकायत दी थी कि 20 फरवरी को देर रात लगभग दो बजे उसे गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी। जिसे सुन कर वह जब घर से बाहर आया, तो देखा कि दो लोग सांभरों के पीछे भाग रहे थे और उनके हाथों में राइफल थी। वे सांभरों को मारने के लिए राइफलों से गोलियां चला रहे थे। इस दौरान आरोपितों ने तीन सांभरों को मार दिया और गाड़ी में उन्हें डालकर फरार हो गए। जांच के बाद पुलिस ने इस बारे में केस दर्ज किया था।

---------------

31 जनवरी : पिता को गोली मारकर किया घायल

शहर के वार्ड 12 में गोशाला के सामने रहने वाले सुखविंदर सिंह ने बहस के बाद अपने पिता जसपाल सिंह को उन्हीं की लाइसेंसी बंदूक से गोली मार कर घायल कर दिया। इस बारे में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

-------------

19 जनवरी : गांव बैंस में किए हवाई फायर

पुलिस को दी शिकायत में गांव बैंस के रहने वाले जसवंत सिंह ने बताया कि वो रात को खाना खाकर अपने पशुओं के बाड़े में चला गया। रात को कुछ युवक तेजधार हथियार लेकर आए और उन्होंने हवेली के गेट पर किरपाणों से हमला कर दिया। वहीं इन लोगों ने हवाई फायर भी किए। इसके बाद यह लोग गांव के ही रहने वाले जसवीर सिंह के घर चले गए व उस पर हमला कर उसे घायल कर दिया।

-------------

अमन व्यवस्था बनाए रखेंगे : एसपी (डी)

इस बारे में एसपी (डी) वजीर सिंह खैहरा का कहना है कि जिले में अमन व्यवस्था को हर कीमत पर बरकरार रखा जाएगा। पुलिस की ओर से आरोपितों के खिलाफ कारवाई की जा रही है।

chat bot
आपका साथी