डीसी दफ्तर के कर्मियों की हड़ताल से ठप पड़े काम

डीसी आफिस में कार्यरत कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन

By JagranEdited By: Publish:Thu, 23 Sep 2021 10:20 PM (IST) Updated:Thu, 23 Sep 2021 10:20 PM (IST)
डीसी दफ्तर के कर्मियों की हड़ताल से ठप पड़े काम
डीसी दफ्तर के कर्मियों की हड़ताल से ठप पड़े काम

जागरण संवाददाता, श्री मुक्तसर साहिब : पुनर्गठन के नाम पर खत्म किए गए पद बहाल करने, रिक्त पड़े हुए पदों को भरने, पदोन्नतियां करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर राज्य भर के डीसी दफ्तरों के कर्मचारियों की तरफ से बीते बुधवार से फिर से शुरू की गई हड़ताल के चलते डीसी, एसडीएम और तहसील दफ्तरों में तमाम काम ठप होकर रह गए हैं। अब अगर इन कर्मचारियों ने अपनी हड़ताल को आगे नहीं बढ़ाया तो सोमवार को ही लोगों के काम हो पाएंगे। क्योंकि शुक्रवार को इन तमाम कर्मियों ने अपनी इन्हीं मांगों की पूर्ति के लिए सामूहिक छुट्टी लेकर मोहाली अपने राज्य स्तरीय प्रदर्शन शामिल होना है। जिसके कारण कोई काम नहीं हो पाएगा। जबकि उसके बाद शनिवार और रविवार की छुट्टी आ गई है।

हड़ताल के कारण करना पड़ रहा मुश्किलों का सामना

हड़ताल के कारण लोगों को बेहद मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। किसी ने जमीन की रजिस्ट्री करवानी है तो किसी ने अपना सर्टिफिकेट बनवाना है। जबकि किसी ने अपना असलहा लाइसेंस रिन्यू करवाना है। बेशक कुछ लोगों को हड़ताल का पता है, लेकिन बहुतेरे लोगों को इस हड़ताल के बारे में कोई जानकारी नहीं है। ऐसे में लोगों को दफ्तर आकर वापस लौटना पड़ रहा है। बुधवार को दफ्तरों के बाहर काफी लोग कुर्सियों पर बैठे हुए कर्मचारियों का इंतजार करते हुए दिखाई दिए। लेकिन जब काफी देर तक भी दफ्तरों में कोई कर्मचारी दिखाई नहीं दिया तो पूछने पर उन्हें पता चला कि हड़ताल है। इस पर लंबे इंतजार के बाद ऐसे लोगों को निराश होकर वापस लौटना पड़ा। बुजुर्ग हरबंस सिंह ने बताया कि उसने लोन लेना है। वह लोन की फाइल मार्क करवाने के लिए आया था। लेकिन यहां आने के काफी देर बाद उसे पता चला कि हड़ताल है। हड़ताल के कारण मैरिज, असलहा, बर्थ, डेथ, जाति आदि के सर्टिफिकेट के काम प्रभावित रहे। इसी तरह ही तहसील दफ्तर में रजिस्ट्रियां नहीं हो सकी। हर रोज 100 के करीब रजिस्ट्रियां होती हैं। जबकि रजिस्ट्री के लिए पहले अप्वाइनमेंट लेनी पड़ती है। अगर वह डेट निकल जाए तो दोबारा से अपाइंटमेंट के लिए अप्लाई करना पड़ता है। कर्मचारियों ने फूंका राज्य सरकार का पुतला, नारेबाजी

उधर, डीसी दफ्तर के समूह कर्मचारियों की ओर से राज्य सरकार का पुतला फूंककर रोष प्रदर्शन किया गया। इस दौरान उन्होंने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। साथ ही 24 सितंबर को सामूहिक छुट्टी लेकर मोहाली में राज्य स्तरीय प्रदर्शन में शामिल होने की घोषणा की। डीसी दफ्तर कर्मचारी यूनियन के जिलाध्यक्ष वरिदर ढोसीवाल के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने पुनर्गठन के नाम पर खत्म किए गए पदों को बहाल करने, खाली पद भरने, तमाम कर्मियों की पदोन्नतियां करने, प्रशासकीय भत्ता देने, प्रोबेशन पीरियड तीन साल से कम करके एक साल करने, पुरानी पेंशन स्कीम बहाल करने सहित अन्य मांगों को पूरा करने की मांग की। उन्होंने उनकी मांगों को तुरंत पूरा न करने पर और भी कड़े संघर्ष की चेतावनी दी। इस अवसर पर सुरिदर कुमार पीए, राजिदर सिंह बुट्टर, भूपिदर सिंह, भोला राम, जगतार सिंह, मोहन सिंह, राजिदर कुमार, गुरमीत पाल, सतनाम सिंह, सुखपाल कौर, अमनजीत कौर, कमलदीप कौर, प्रकाश सिंह, गुरांदित्ता सिंह, सुखपाल कौर, रुपाली आदि भी मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी