कांस्टेबल परीक्षा की लिस्ट देख भड़के अभ्यर्थी, छह घंटे लगाया जाम

पंजाब पुलिस की भर्ती के लिए बीते दिनों हुई परीक्षा के शनिवार को परिणाम प्रकाशित हुआ।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 29 Nov 2021 04:12 PM (IST) Updated:Mon, 29 Nov 2021 05:20 PM (IST)
कांस्टेबल परीक्षा की लिस्ट देख भड़के अभ्यर्थी, छह घंटे लगाया जाम
कांस्टेबल परीक्षा की लिस्ट देख भड़के अभ्यर्थी, छह घंटे लगाया जाम

जागरण संवाददाता, श्री मुक्तसर साहिब

पंजाब पुलिस कांस्टेबल की भर्ती के लिए बीते दिनों हुई परीक्षा के शनिवार को घोषित किए गए परिणाम को लेकर अभ्यर्थियों में गुस्सा पैदा हो गया है। बड़ी संख्या में नौजवानों ने सोमवार की सुबह सरकारी कालेज के नजदीक कोटकपूरा रोड पर धरना देकर जाम लगा दिया। वे इस लिस्ट की गंभीरता से जांच करने और सही परिणा घोषित करने की मांग कर रहे थे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को सड़क से उठाने के लिए काफी जोर लगाया, लेकिन इसके बावजूद वे सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक धरने पर बैठे रहे। प्रदर्शनकारियों ने कोटकपूरा रोड पर घंटों जाम लगाने के बाद डीसी दफ्तर के समक्ष भी प्रदर्शन किया। जाम के चलते राहगीरों के मुश्किलों को सामना करना पड़ा। राहगीरों को अन्य मार्गों से अपने गंतव्य पर पहुंचना पड़ा।

प्रदर्शनकारियों में शामिल हरजिदर कौर, संदीप कौर, सुखप्रीत कौर आदि ने कहा कि पंजाब पुलिस की भर्ती के परिणाम की जो लिस्ट जारी की गई है, उसमें ईसा टैंक, इजराइल व बास जैसे नाम शामिल हैं जबकि पंजाब में युवकों के ऐसे नाम होते ही नहीं है। परिणाम में बड़े स्तर पर घोटाला किया गया है। अधिकारियों ने अपने चहेतों को इसमें एडजस्ट किया है। जबकि योग्य परीक्षार्थियों का इस सूची में नाम ही नहीं है। सूची में अनेक डबल नाम है जिससे स्पष्ट है परिणाम घोषित करने में व्यापक स्तर पर गड़बड़ी की गई है। इस परिणाम सूची को किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। जबकि तक राज्य सरकार की ओर से इस सूची को रद करके सही सूची जारी नहीं की जाती वे लगातार संघर्ष चलाने के लिए मजबूर होंगे।

उन्होंने कहा कि कई सालों के बाद पंजाब पुलिस की भर्ती होने जा रही है। जिससे हजारों नौजवानों को नौकरी की उम्मीद है। परंतु इस परिणाम ने बड़ी संख्या में युवक-युवतियों की उम्मीदों पर पानी फेरकर रख दिया है। यहां पर घंटों धरना देने के बाद प्रदर्शनकारी डीसी दफ्तर के समक्ष पहुंचे और प्रदर्शन किया है। इनसेट

डीसी के आश्वासन के बाद खत्म हुआ धरना

पुलिस की ओर से उनकी डीसी हरप्रीत सिंह सूदन से बात करवाई गई। डीसी ने प्रदर्शनकारियों को विश्वास दिलाया कि वह इस मामले में मुख्यमंत्री और गृहमंत्री से भी बात करेंगे। डीसी के आश्वासन के बाद ही उन्होंने अपना प्रदर्शन खत्म किया।

chat bot
आपका साथी