धान की खरीद शुरू, अनाज मंडी में पशुओं की भरमार

धान की खरीद शुरू हुए पांच दिन हो चुके हैं लेकिन इसके पशुओ से बचाव की व्यवस्था नहीं हो पाई है।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 06 Oct 2021 03:55 PM (IST) Updated:Wed, 06 Oct 2021 03:55 PM (IST)
धान की खरीद शुरू, अनाज मंडी में पशुओं की भरमार
धान की खरीद शुरू, अनाज मंडी में पशुओं की भरमार

जागरण संवाददाता, श्री मुक्तसर साहिब

धान की खरीद शुरू हुए पांच दिन हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद स्थानीय अनाज मंडी में बेसहारा पशुओं की समस्या गंभीर बनी हुई है। बड़ी संख्या में पशु मंडी में घूम रहे हैं। हालांकि मार्केट कमेटी का दावा है कि पशुओं को बाहर निकालने के लिए चौकीदार रखे हुए हैं, जोकि पशुओं को बाहर निकालते रहते हैं, लेकिन इन दावों के बावजूद पशु मंडी में घूमते रहते हैं। किसानों को फसल को पशुओं से बचाने के लिए कड़ी मश्क्कत करनी पड़ती है।

धान की खरीद किसानों के संघर्ष के बाद तीन अक्टूबर से शुरू हो पाई है। नियमों के अनुसार धान या फिर गेहूं की फसल की खरीद शुरू करने से पहले मार्केट कमेटी की ओर से मंडियों में सभी पुख्ता इंतजाम करने होते हैं, ताकि खरीद के दौरान किसानों, मजदूरों, आढ़तियों आदि को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। खरीद के छह दिन हो जाने के बावजूद जिला मुख्यालय की मंडी में बेसहारा पशु बड़ी संख्या में घूम रहे हैं। जोकि किसानों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। किसानों को अपनी फसल की रखवाली के लिए खुद निगरानी करनी पड़ती है। किसानों का दिन तो किसी तरह से निकल जाता है लेकिन सबसे ज्यादा दिक्कत रात को पेश आती है। जब फसल को पशुओं से बचाव के लिए उन्हें जागना पड़ता है।

कच्चा आढ़तिया एसोसिएशन के प्रधान तेजिदर बांसल बब्बू ने कहा कि सफाई पहले से बेहतर है। सफाई के लिए मशीनें लगी हुई हैं। फिर भी और ध्यान देने की जरूरत है। बेशक बेसहारा पशुओं को मंडी से निकाला जा रहा है, लेकिन निकाले हुए पशु फिर से मंडी में न घुस सकें इसके लिए और पुख्ता इंतजाम करने की जरूरत है। इसी तरह 24 घंटे निर्विघ्न बिजली सप्लाई मिलनी चाहिए। ताकि फसल की सफाई का काम प्रभावित न हो सके। इनसेट

जल्दी हल हो जाएगी पशुओं की समस्या : सचिव

मार्केट कमेटी के सचिव बलकार सिंह ने कहा कि अनाज मंडी के छह गेट हैं। जिनका निर्माण कार्य चल रहा है। जल्दी ही काऊ कैचर लग जाएंगे। जिसके बाद समस्या पूरी तरह से हल हो जाएगी। फिलहाल चार कर्मचारी पशुओं को निकालने के लिए रखे हुए हैं। लेकिन मंडी में ही गोशाला होने के कारण फिर भी पशु आ जाते हैं। कमेटी सचिव ने दावा किया कि किसानों के लिए पानी का इंतजाम कर दिया गया है। इसी तरह शौचालय के सफाई के लिए भी चार कर्मचारी रख दिए गए हैं जोकि समय समय पर उसकी सफाई करते रहते हैं।

chat bot
आपका साथी