सुखबीर बादल ने किया रैली में पांच लाख लोगों के पहुंचने का दावा

अकाली दल सुप्रीमो सुखबीर सिंह बादल ने शुक्रवार देर शाम मोगा के किली चाहला पहुंचकर 14 दिसंबर को यहां होने वाली शिअद-बसपा गठबंधन की रैली स्थल पर चल रही तैयारियों का जायजा लिया।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 03 Dec 2021 10:32 PM (IST) Updated:Fri, 03 Dec 2021 10:32 PM (IST)
सुखबीर बादल ने किया रैली में पांच लाख लोगों के पहुंचने का दावा
सुखबीर बादल ने किया रैली में पांच लाख लोगों के पहुंचने का दावा

जागरण संवाददाता, मोगा : अकाली दल सुप्रीमो सुखबीर सिंह बादल ने शुक्रवार देर शाम मोगा के किली चाहला पहुंचकर 14 दिसंबर को यहां होने वाली शिअद-बसपा गठबंधन की रैली स्थल पर चल रही तैयारियों का जायजा लिया। इसके साथ ही यहां पर मौजूद मोगा व आसपास के जिलों के करीब एक हजार से ज्यादा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उनमें जोश भरा। रैली साबित करेगी पंजाब का भविष्य

सुखबीर सिंह बादल ने दावा किया कि रैली में पांच लाख लोग शामिल होंगे। ये रैली पंजाब में कांग्रेस सरकार के ताबूत की अंतिम कील साबित हो जाएगी। कार्यकर्ताओं ने ये लक्ष्य हासिल कर लिया तो उसी दिन तय हो जाएगा कि पंजाब में फिर से बादल सरकार लौटेगी। सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि पांच लाख की संख्या में कार्यकर्ताओं को यहां तक पहुंचने के लिए पंजाब में बसों की संख्या कम पड़ जाएगी। ऐसे में पार्टी के कार्यकर्ता अभी से तय कर लें कि वे ट्रैक्टर ट्रालियों में कार्यकर्ताओं को लेकर यहां पहुंचे, अपनी निजी कारों से, मोटरसाइकिलों से पहुंचे, लेकिन इस मौके को चूकने न दें। यही रैली पंजाब की तकदीर लिखने वाली है। 40 मिनट देरी से पहुंचे

सुखबीर सिंह बादल निर्धारित समय शाम चार बजे से करीब 40 मिनट देरी से पहुंचे, बढ़ती ठंड के बीच कार्यकर्ताओं में जोश जबरदस्त दिखा। सुखबीर सिंह बादल ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि पंजाब के लोगों को गुमराह करने की बहुत कोशिशें हो रही हैं लेकिन सूबे की जनता अब मन बना चुकी है कि सूबे में फिर से शिअद-बसपा गठबंधन की सरकार को काबिज करना है। इस मौके पर अकाली दल के वरिष्ठ नेता जत्थेदार तोता सिंह, शिअद के जिलाध्यक्ष तीरथ सिंह माहला, हलका मोगा के इंचार्ज बरजिदर सिंह बराड़ मक्खन, जिलाध्यक्ष शहरी प्रेमचंद चक्कीवाले भी मौजूद थे। रैली के 40 एकड़ क्षेत्र में बनाए जा रहे पंडाल व 50 एकत्र क्षेत्र में बनाए जा रही पार्किंग आदि हर व्यवस्था का सुखबीर सिंह बादल ने बारीकी से निरीक्षण किया। इसके साथ ही तैयारियों में जुटे पार्टी के नेताओं को हिदायत की कि व्यवस्था इस प्रकार से तैयार करनी है कि पांच लाख लोगों की भीड़ जुटने के बाद भी लुधियाना हाइवे पर ट्रैफिक प्रभावित नहीं होना चाहिए, पार्किंग में ही वाहनों को खड़े कराने की व्यवस्था की जाए। सुखबीर सिंह बादल रैली स्थल पर महज 20-25 मिनट रुके, लेकिन बढ़ती सर्दी के बीच वे कार्यकर्ताओं में चुनाव की गरमाहट का अहसास करा गए।

chat bot
आपका साथी