चुनाव की आहट से भरने लगा निगम का खजाना

नगर निगम चुनाव में एनओसी (नो आब्जेशन सर्टीफिकेट) लेने के लिए लाइन लगना शुरू हुए।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 22 Jan 2021 09:43 PM (IST) Updated:Fri, 22 Jan 2021 09:43 PM (IST)
चुनाव की आहट से भरने लगा निगम का खजाना
चुनाव की आहट से भरने लगा निगम का खजाना

जागरण संवाददाता, मोगा :

नगर निगम चुनाव में एनओसी (नो आब्जेशन सर्टीफिकेट) लेने के लिए इस समय दावेदारों की भीड़ उमड़ रही है, अब तक 136 लोगों की एनओसी जारी हो चुकी हैं, इसके एवज में निगम को प्रॉपर्टी टैक्स के बकाए के रूप में आठ लाख 18 हजार 704 रुपये, वाटर टैक्स के रूप में सात लाख 83 हजार 473 रुपये की बकाया वसूली हो चुकी है। निगम को सिर्फ तीन दिन में 16 लाख रुपये मिले है, इस वसूली के लिए निगम के मुलाजिम काफी समय से प्रयास कर रहे थे, लेकिन नहीं हो पा रही थी। 129 लोगों को एनओसी जारी की जा चुकी है, सात की एनओजी जारी होनी है, शुक्रवार को 90 और लोगों ने एनओसी के लिए आवेदन किया है।

गौरतलब है कि नगर निगम में 50 वार्डों के लिए चुनाव लड़ने के इच्छुक 226 लोग अब तक एनओसी लेने के लिए आवेदन कर चुके हैं। इनमें से 136 लोगों की एनओसी जारी हो चुकी है। निगम चुनाव के लिए जरूरी है जो भी प्रत्याशी चुनाव लड़ने के इच्छुक हैं, उन्हें नामांकन पत्र दाखिल करने करने के साथ ही नगर निगम की एनओसी भी दाखिल करनी पड़ती है, जिसमें ये प्रमाणित किया जाता है कि उनके पास निगम का प्रॉपर्टी टैक्स, हाउस टैक्स वाटर एंड सीवरेज का किसी प्रकार का बकाया तो नहीं है। टैक्स का बकाया होने पर संबंधित प्रत्याशी का नामांकन पत्र रद किया जा सकता है।

इसी भय के कारण निगम की राजनीति में दावेदारी कर रहे लोग पांच साल तक को टैक्स जमा करने से बचते रहे, अब एनओसी की बारी आई तो उन्होंने धड़ाधड़ पहले प्रॉपर्टी टैक्स, हाउस टैक्स व वाटर एंड सीवरेज टैक्स की बकाया राशि जमा कराया, बाद में उन्हें एनओसी जारी की गई।

निगम सूत्रों का कहना है कि शुक्रवार को दो 90 नए आवेदन मिले हैं, उनसे भी अभी करीब 10 लाख से ज्यादा का बकाया टैक्स निगम को मिलने की उम्मीद है। माना जा रहा है कि 300 से ज्यादा लोग नगर निगम चुनाव में प्रत्याशी के रूप में दावेदारी कर सकते हैं।

निगम कमिश्नर अनीता दर्शी ने बताया कि एनओसी के लिए किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए अलग-अलग काउंटर बना दिए हैं। जो नए दावेदार आए हैं या फिर जिनकी एनओसी तैयार हो चुकी है लेकिन जारी नहीं हुई है, उन्हें सोमवार को जारी कर दी जाएगी।

chat bot
आपका साथी