मुख्यमंत्री चन्नी आज बधनीकलां में, सुरक्षा के कड़े प्रबंध

। मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी एक दिसंबर को मोगा के बधनीकलां में पहुंच रहे हैं।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 30 Nov 2021 05:10 PM (IST) Updated:Tue, 30 Nov 2021 05:10 PM (IST)
मुख्यमंत्री चन्नी आज बधनीकलां में, सुरक्षा के कड़े प्रबंध
मुख्यमंत्री चन्नी आज बधनीकलां में, सुरक्षा के कड़े प्रबंध

सत्येन ओझा. मोगा :

मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी एक दिसंबर को मोगा के बधनीकलां में पहुंच रहे हैं। वे यहां दाना मंडी में निहालसिंह वाला विधानसभा क्षेत्र के पार्टी कार्यकर्ताओं की रैली संबोधित करेंगे। उनकी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। निहालसिंह वाला में चार गुटों में बंटी कांग्रेस के सभी गुट अपने-अपने स्तर पर तैयारियों में जुटे हुए हैं। रैली से दो दिन पहले इस क्षेत्र से टिकट की दावेदार बीबी राजविदर कौर भागीके ने अपने समर्थक पंच सरपंचों की मार्केट कमेटी दफ्तर में बैठक बुलाकर शक्ति प्रदर्शन किया था। हाल ही में शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के भूपिदर सिंह साहोके को कांग्रेस में शामिल किए जाने के बाद इस क्षेत्र में असंगठित कांग्रेस पार्टी में विद्रोह जैसे हालात हैं।

एक सप्ताह पहले पूर्व जिलाध्यक्ष कर्नल बाबू सिंह ने निहालसिंह वाला क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी की टिकट के चार दावेदारों ने अपना शक्ति प्रदर्शन करते हुए शिअद से कांग्रेस में शामिल हुए साहोके को निहाल सिंह वाला क्षेत्र का कांग्रेस का प्रभारी लगाने का विरोध किया था। साथ ही पार्टी नेतृत्व को खुलकर चेतावनी दी थी कि साहोके को पार्टी की टिकट दी तो पार्टी के टकसाली नेता नेतृत्व के खिलाफ आंदोलन शुरू कर देंगे। सीएम को करना पड़ेगा दोहरी चुनौती का सामना

निहाल सिंह वाला क्षेत्र में मुख्यमंत्री को दोहरी चुनौती का सामना करना पड़ सकता है। एक तरफ साहोके को विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी बनाने के बाद अपनी ही पार्टी नेताओं के विरोध का सामना करना पड़ सकता है तो वहीं दूसरी ओर सरकार के खिलाफ पहले से आंदोलन कर रहे ईटीटी शिक्षकों के साथ अब कांस्टेबल भर्ती घोटाले का आरोप लगाकर आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों ने भी बधनीकलां में सीएम की रैली स्थल पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करने की तैयारी कर ली है। भर्ती परीक्षा का परिणाम आने के बाद से नाराज अभ्यर्थियों ने भीड़ के बीच में रैली स्थल तक पहुंचने की योजना बनाई है, ताकि सीएम के करीब पहुंचकर वे अपनी बात उन तक पहुंचा सकें।

साहोके खुद को साबित करने में जुटे

सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री की रैली में शिअद के तराजू को छोड़कर कांग्रेस का हाथ थामने वाले भूपिदर सिंह साहोके को महत्व मिलना तय है क्योंकि लुधियाना में कांग्रेस पार्टी में शामिल होते समय उन्होंने ही सीएम को बधनीकलां आने का न्यौता दिया था, जिसे चन्नी ने स्वीकार कर लिया था। ऐसे में साहोके को अब इस रैली में अपनी शक्ति का प्रदर्शन करना होगा। कांग्रेस के विभिन्न गुटों में हो रहे विरोध के बीच वे खुद को कैसे साबित करेंगे, ये साहोके के लिए बड़ी चुनौती होगी। जिलाध्यक्ष नहीं दिख रहे सक्रिय

इस बीच में कांग्रेस पार्टी में राजविदर कौर भागीके, युवा नेता परमिदर सिंह डिपल व एसपी के रूप में सेवानिवृत्त हो चुके मुख्त्यार सिंह अलग-अलग तौर पर समर्थक कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगा रहे हैं। पार्टी के जिलाध्यक्ष के रूप में अभी तक यहां किसी की रेगुलर नियुक्ति न होने के कारण पार्टी का जिला संगठन निष्क्रिय चल रहा है। निगम चुनाव में पहले जिलाध्यक्ष रहे महेशइंदर सिंह को ही नए अध्यक्ष बनने तक जिम्मेदारी संभालने को कहा गया था, लेकिन निगम चुनाव के बाद अब वे भी जिलाध्यक्ष के रूप में ज्यादा सक्रिय नहीं दिख रहे हैं। मुख्यमंत्री भी उन्हें ज्यादा तरजीह नहीं दे रहे हैं, अभी तक चन्नी के मोगा में कई कार्यक्रम हो चुके हैं लेकिन किसी भी मंच पर महेशइंदर सिंह को सीएम के साथ नहीं दिखे हैं। ऐसे में पार्टी के नेता खुद ही अपनी मनमर्जी से संगठन को चलाने का प्रयास कर रहे हैं। प्रशासन के हाथ-पैर फूले

ईटीटी अध्यापकों के उग्र तेवरों के बाद हाल ही में पुलिस कांस्टेबल भर्ती में धांधली के कथित आरोपों के बाद जिस प्रकार से अभ्यर्थी सड़कों पर विरोध में उतरे हैं, उससे प्रशासन के हाथ पांव फूले हुए हैं। यही वजह है कि सोमवार की रात नौ बजे तक एडीसी (सिटी) सुरिदर सिंह के निगम आफिस में एसपी डी रूपिदर कौर, एसडीएम सतवंत सिंह, डीएसपी निहालसिंह वाला आदि वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक चलती रही। इस बैठक में विरोध करने वाले प्रदर्शनकारियों को मनाने व उन्हें रैली स्थल तक न पहुंचने देने की रणनीति तैयार करते रहे। रैली में मोगा विधानसभा क्षेत्र के लिए पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व की ओर से बनाए गए आब्जर्वर विजय चौहान जबकि निहालसिंह वाला क्षेत्र के लिए बने आब्जर्वर यशवंत जलटा भी मौजूद रहेंगे।

chat bot
आपका साथी