समय पूरा होने पर भी नहीं लग रही दूसरी डोज, लोग परेशान

सिविल अस्पताल में कोरोना के खिलाफ जंग में शुरू किया गया टीकाकरण अभियान रुक गया है।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 18 May 2021 09:48 PM (IST) Updated:Tue, 18 May 2021 09:48 PM (IST)
समय पूरा होने पर भी नहीं लग रही दूसरी डोज, लोग परेशान
समय पूरा होने पर भी नहीं लग रही दूसरी डोज, लोग परेशान

संवाद सूत्र,तलवंडी साबो: तलवंडी साबो के शहीद बाबा दीप सिंह सिविल अस्पताल में कोरोना के खिलाफ जंग में शुरू किया गया टीकाकरण अभियान रुक गया है। यहां पिछले तीन दिन से वैक्सीन खत्म है। इस कारण लोग अस्पताल से निराश लौट रहे हैं।

40 गांवों को दवा और सेहत सुविधाएं प्रदान करने वाले सिविल अस्पताल तलवंडी साबो में कोरोना वैक्सीन पूरी तरह खत्म हो चुकी है। लोगों को दूसरी तो क्या, पहली डोज भी नहीं लगाई जा रही। फ्रंट लाइन वर्करों को भी लौटाया जा रहा है। लोगों ने कहा कि प्रदेश सरकार अभी तक 45 साल से अधिक आयु के व्यक्तियों के लिए वैक्सीन को पूरा करने में कामयाब नहीं हो सकी, जबकि 18 से 45 साल तक की आयु के लोगों को एक मई से वैक्सीन दिए जाने की शुरुआत भी ठुस होकर रह गई।

अस्पताल पहुंचे नानक सिंह ढिल्लो ने कहा कि कई लोगों ने पहली डोज के तौर पर यह टीके लगवाए हुए हैं और अब दूसरी डोज लेने का समय भी निर्धारित समय से अधिक हो चुका है। उनको दूसरी डोज लेने के लिए सिविल अस्पताल के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। लोगों ने डीसी और सिविल सर्जन बठिडा से मांग की कि इस अस्पताल में कोरोना बचाव के लिए यह वैक्सीन तुरंत भेजी जाए।

इस संबंधी एसएमओ तलवंडी साबो डा. दर्शन कौर ने कहा कि 19 मई के बाद ही वैक्सीन आने की संभावना है। पूरे राज्य में ही स्टाक खत्म है। यदि पंजाब को स्टाक मिलता है फिर जिले में भी जरूर वैक्सीन पहुंचेगी। इसके बाद टीकाकरण शुरू किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी