लुधियाना में कार में अवैध पिस्तौल व 5 जिंदा कारतूस समेत दो गिरफ्तार, दो लोग मौके से फरार
शहर में किसी व्यक्ति पर हमला करने के लिए अवैध असलहा व हथियार लेकर आए दाे लोगों को थाना डेहलों पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया जबकि उनके दो साथी फरार हाेने में सफल हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। शहर में किसी व्यक्ति पर हमला करने के लिए अवैध असलहा व हथियार लेकर आए दाे लोगों को थाना डेहलों पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया जबकि उनके दो साथी फरार हाेने में सफल हो गए। पकड़े गए आरोपितों के कब्जे से एक वरना कार, देसी पिस्तौल, 5 जिंदा कारतूस, लोहे की दात तथा 3 मोबाइल फोन बरामद हुए। आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज करके पकड़े गए लाेगों को बुधवार अदालत में पेश किया गया। जहां से दो दिन का रिमांड हासिल करके कड़ी पूछताछ की जा रही है।
इंस्पेक्टर सुखदेव सिंह ने बताया कि आराेपिताें की पहचान गांव अजनौद निवासी धर्मवीर सिंह तथा मोगा के गांव जवाहर सिंह वाला निवासी रणजोध सिंह के रूप में हुई। उनके फरार हुए साथी एसबीएस नगर के गांव मेहरमपुर निवासी हरप्रीत सिंह तथा गांव बिलगा निवासी पवनदीप सिंह की पुलिस को तलाश है। मंगलवार शाम एएसआइ बिक्रमजीत सिंह ने दोबुर्जी नहर पुल के पास नाकाबंदी कर रखी थी। उसी दौरान वरना कार पर सवार होकर आए आरोपितों को रुकने का इशारा किया गया। कार के रुकते ही रणजोध व बिक्रमजीत सिंह भाग खड़े हुए। जबकि अन्य दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
मोगा के थाना निहाल सिंह वाला में चल रहा केस
कार की तलाशी के दौरान उसमें से अवैध असलहा बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों ने बताया कि उनके खिलाफ इससे पहले मोगा के थाना निहाल सिंह वाला में हत्या, लूटपाट तथा आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज है। पवनदीप सिंह की लुधियाना में किसी के साथ रंजिश चल रही थी। वह चारों उसी को निशाना बनाने के लिए आए थे। मगर उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें धर लिया। सुखदेव सिंह ने कहा कि पवनदीप सिंह के पकड़े जाने पर पता चलेगा कि वो लोग किसे निशाना बनाने के लिए जा रहे थे।