फ्लाईओवर अधूरे, घुलाल टोल प्लाजा पर कटने लगी पर्ची

लुधियाना से खरड़ तक बनी सिक्स लेन सड़क पर कई फ्लाईओवर अभी अधूरे पड़े हैं।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 12 Jul 2020 05:15 AM (IST) Updated:Sun, 12 Jul 2020 05:15 AM (IST)
फ्लाईओवर अधूरे, घुलाल टोल प्लाजा पर कटने लगी पर्ची
फ्लाईओवर अधूरे, घुलाल टोल प्लाजा पर कटने लगी पर्ची

संवाद सहयोगी, समराला : लुधियाना से खरड़ तक बनी सिक्स लेन सड़क पर कई फ्लाईओवर अभी अधूरे पड़े हैं, लेकिन नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआइ) ने गांव घुलाल के नजदीक नया टोल प्लाजा शुरू कर दिया है। इससे लुधियाना से चंडीगढ़ जाने का सफर महंगा हो गया है। शिवसेना व भावाधस ने इसके विरोध में अदालत का दरवाजा खटखटाने का एलान किया है।

दैनिक जागरण ने पहले ही खुलासा कर दिया था कि नया टोल प्लाजा कुछ महीने में ही शुरू कर दिया जाएगा। टोल प्लाजा शुरू करने पर कई सामाजिक संस्थाओं ने विरोध जताना शुरू कर दिया है। इनका कहना है कि लुधियाना-चंडीगढ़ रोड पर ही गांव कटाणी के नजदीक, नीलों पुल के ऊपर और समराला बाईपास के अलावा खरड़ का फ्लाईओवर अभी अधूरा पड़ा है। इससे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। इसके बावजूद टोल प्लाजा पर पर्ची कटनी शुरू हो गई है। एनएचएआइ ने नियमों को दरकिनार कर एक महीना पहले खरड़ के नजदीक भी टोल प्लाजा शुरू कर दिया है।

शिव सेना के प्रदेश यूथ प्रधान रमन वडेरा और भावाधस के समराला के प्रधान पवन सहोता ने टोल प्लाजा शुरू करने के विरोध में शनिवार को एक बैठक की। इसमें तय किया गया कि जब तक सभी फ्लाईओवर यातायात के लिए शुरू नहीं होंगे तब तक टोल प्लाजा शुरू नहीं होने देंगे। इस संबंध में एक मांग पत्र सोमवार को एसडीएम गीतिका सिंह को सौंपा जाएगा। मांगपत्र पर कोई कार्रवाई नहीं हुई तो अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी को देखते हुए धरना नहीं लगाएंगे।

सब कुछ नियम के तहत हो रहा है : प्रोजेक्ट डायरेक्टर

एनएचएआइ के प्रोजेक्ट डायरेक्टर केएल सचदेवा ने बताया कि सब कुछ नियम अनुसार ही हो रहा है। बिना नियम टोल कलेक्शन कैसे हो सकती है। आसपास के गांवों के लोगों की गाड़ियों के लिए पास की व्यवस्था है।

chat bot
आपका साथी