लुधियाना में सड़क हादसों में किशोर समेत तीन लोगों की मौत, तीन वाहन चालकों पर केस दर्ज

विभिन्न जगहों पर हुए सड़क हादसों में किशोर समेत तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि महिला समेत चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने तीन वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हादसे में एक किशोर की भी मौत हुई है।

By Vinay KumarEdited By: Publish:Fri, 27 Nov 2020 02:31 PM (IST) Updated:Fri, 27 Nov 2020 02:31 PM (IST)
लुधियाना में सड़क हादसों में किशोर समेत तीन लोगों की मौत, तीन वाहन चालकों पर केस दर्ज
लुधियाना में सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई है। (फाइल फोटो)

लुधियाना, जेएनएन। विभिन्न जगहों पर हुए सड़क हादसों में किशोर समेत तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि महिला समेत चार लोग घायल हो गए। संबंधित थानों की पुलिस ने आरोपित वाहन चालकों के खिलाफ तीन केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू की है। जालंधर जीटी रोड पर हार्डीज वर्ल्ड के सामने टिप्पर की चपेट में आने से कार सवार चार लोग घायल हो गए। उनमें से एक ने अस्पताल ले जाते रास्ते में दम तोड़ दिया। अब थाना सलेम टाबरी पुलिस ने अज्ञात टिप्पर चालक पर केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू की है। एएसआइ जनकराज ने बताया कि मृतक की पहचान हैबोवाल के गोपाल नगर निवासी गगन (21) के रूप में हुई।

पुलिस ने गोपाल नगर निवासी पारस की शिकायत पर उक्त केस दर्ज किया। अपने बयान में उसने बताया कि 25 नवंबर को वो अपने बहन प्रियंका, उसका पति सुनील तथा पारस का दोस्त गगन शिमला पुरी में एक शादी समारोह से लौट रहे थे। गलती से उनकी स्विफ्ट कार शिवपुरी हाइवे स्थित फ्लाईओवर पर चढ़ गई। जब वो लोग लाडोवाल स्थित हार्डीज वर्ल्ड के सामने से यू टर्न ले रहे थे। उसी दौरान आगे जा रहे टिपर ने एक दम से ब्रेक मारी। जिसके चलते उनकी गाड़ी टिपर के पीछे उसके नीचे घुस गई। जनकराज ने कहा कि चालक टिपर समेत मौके पर फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है।

उधर, जीटी रोड कैलाश नगर कट के पास रोड पार कर रहे किशोर को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। चालक वाहन समेत फरार हो गया। थाना बस्ती जोधेवाल पुलिस ने अज्ञात चालक पर केस दर्ज करके छानबीन शुरू की है। एएसआइ सुरिंदर कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान कैलाश नगर निवासी सोनू (16) के रूप में हुई। पुलिस ने उसके बहनोई विक्रम कुमार की शिकायत पर केस दर्ज किया। अपने बयान में उसने बताया कि सोनू मूल रूप से बिहार के जिला नालंदा के गांव पंडित पुर का रहने वाला है। वो यहां उसके साथ ही रहता और काम करता था। 25 नवंबर को विक्रम, उसके दो चचेरे भाई तथा सोनू कैलाश चौक पार कर रहे थे। उसी दौरान जालंधर बाइपास की और से आए तेज रफ्तार वाहन ने सोनू को अपनी चपेट में ले लिया।

वहीं, निर्मल पैलेस के सामने बेकाबू हुए तेज रफ्तार टिप्पर ने बाइक सवार को कुचल दिया। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

हादसे में उसके साथ बैठा युवक घायल हो गया। चालक टिप्पर को छोड़ कर फरार हो गया। अब थाना डिवीजन नंबर 6 पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज करके उसकी तलाश शुरू की है। हवलदार मनदीप सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान सतगुरु नगर निवासी कर्मजीत सिंह (26) के रूप में हुई। पुलिस ने पिता बलजीत सिंह की शिकायत पर उक्त केस दर्ज किया। अपने बयान में उन्होंने बताया कि वीरवार सुबह 9 बजे उनका बेटा कर्मजीत सिंह तथा भतीजा हर्षप्रीत सिंह मोटरसाइकिल पर सवार होकर बाबा थान सिंह चौक की और जा रहे थे। निर्मल पैलेस के पास उक्त टिप्पर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

chat bot
आपका साथी