लुधियाना में पेशी से लौट रहे युवक पर तीन आरोपितों ने किया हमला, अधमरा छोड़कर फरार हुए

लुधियाना में अदालत में पेशी से लौट रहे युवक पर हथियारों से लैस हुए तीन लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। इलाज के लिए उसे मोहनदेई अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

By Vinay KumarEdited By: Publish:Sun, 03 Oct 2021 04:27 PM (IST) Updated:Mon, 04 Oct 2021 09:58 AM (IST)
लुधियाना में पेशी से लौट रहे युवक पर तीन आरोपितों ने किया हमला, अधमरा छोड़कर फरार हुए
लुधियाना में पेशी से लौट रहे युवक पर तीन आरोपितों ने हमला किया।

जासं, लुधियाना। लुधियाना में अदालत में पेशी से लौट रहे युवक पर हथियारों से लैस हुए तीन लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। उसे अधमरा करने के बाद हमलावर फरार हो गए। इलाज के लिए उसे मोहनदेई अस्पताल में भर्ती कराया गया। अब थाना डिवीजन नंबर 5 ने खुड्ड मोहल्ला निवासी शेरू भापा तथा उसके दो अज्ञात साथियों पर हत्या प्रयास के आरोप में केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू कर दी है। एएसआई मेवा सिंह ने बताया कि घायल की पहचान आरके रोड स्थित डा अंबेडकर नगर निवासी 22 वर्षीय शुभम के रूप में हुई। पुलिस ने उसके पिता राजकुमार की शिकायत पर उक्त केस दर्ज किया। अपने बयान में उसने बताया कि शुक्रवार उसका बेटा शुभम कोर्ट कांप्लेक्स में अपनी तारीख पर गया था।

अदालत से पेशी के बाद बाहर आकर जैसे ही वो कार में बैठने लगा, पुरानी रंजिश के चलते आरोपितों ने उसकी गर्दन व मुंह पर ब्लेड नुमा कटर से हमला कर दिया। उसे गंभीर रूप से घायल करने के बाद वो जान से मारने की धमकियां देते फरार हो गए। मेवा सिंह ने कहा कि आरोपितों की तलाश में उनके ठिकानों पर रेड की जा रही है। जल्दी ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

सेक्टर 38 में महिला का मोबाइल झपट ले गए बाइकर्स

मोती नगर सेक्टर 38 इलाके में मोटरसाइकिल सवार दो बदमाश महिला का मोबाइल झपट कर ले गए। महिला के शोर मचाने पर जमा हुए लोगों में से दो युवकों ने दोनों का पीछा किया। मगर दोनों फरार होने में सफल हो गए।

सूचना मिलने पर पहुंची थाना मोती नगर पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लेने के बाद अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू की दी है। एएसआई मेवा राम ने बताया कि उक्त केस मोती नगर निवासी सचिता दीक्षित की शिकायत पर दर्ज किया गया। अपने बयान में उसने बताया कि शनिवार शाम 6.30 बजे वो अकाई अस्पताल में डाक्टर से चेकअप कराने के बाद पैदल घर वापस लौट रही थी। जब वो मोती नगर सेक्टर 38 स्थित सरकारी स्कूल के पास पहुंची। उसी समय स्पलेंडर मोटरसाइकिल पर आए दो बदमाश उसके हाथ में पकड़ा रीयल मी सी-25 मोबाइल झपट कर फरार हो गए। मेवा राम ने कहा कि आरोपितों का सुराग लगाने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की जा रही है।

chat bot
आपका साथी