लुधियाना में फैक्ट्री में सेंध लगा लाखों के एंगल, राड व स्क्रैप चुराया, अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज

लुधियाना में फोकल प्वाइंट स्थित फैक्ट्री की दीवार में सेंध लगा कर घुसे चोरों ने लाखों रुपये का सामान चुरा लिया। घटना का पता तब चला जब फैक्ट्री का गार्ड चक्कर लगाते हुए फैक्ट्री के पीछे की तरफ गया। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

By Vinay KumarEdited By: Publish:Tue, 05 Oct 2021 04:15 PM (IST) Updated:Tue, 05 Oct 2021 04:15 PM (IST)
लुधियाना में फैक्ट्री में सेंध लगा लाखों के एंगल, राड व स्क्रैप चुराया, अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज
लुधियाना में चोरों ने फैक्ट्री में सेंध लगाकर लाखों का सामान चुराया।

जागरण संवाददाता, लुधियाना। लुधियाना में फोकल प्वाइंट स्थित फैक्ट्री की दीवार में सेंध लगा कर घुसे चोरों ने लाखों रुपये के लोहे के एंगल, राड तथा स्क्रैप चोरी कर लिए। घटना का पता तब चला, जब फैक्ट्री का गार्ड चक्कर लगाते हुए फैक्ट्री के पीछे की तरफ गया। सूचना मिलने पर पहुंची थाना फोकल प्वाइंट पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लेने के बाद अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू की है। एएसाअाई राजिंदर पाल ने बताया कि उक्त केस गांव सिधवां बेट निवासी करण गोपाल सोनी की शिकायत पर दर्ज किया गया। अपने बयान में उसने बताया कि 3 अक्टूबर को उनकी फोकल प्वाइंट स्थित वर्धमान स्पैशल स्टील लिमिटेड फैक्ट्री के सिक्योरिटी गार्ड ने फोन करके बताया कि फैक्ट्री के पीछे वाली दीवार में सेंध लगी हुई है। जब वहां पहुंच कर चेक किया तो पाया कि उस रास्ते से घुसे चोर फैक्ट्री के अंदर से लाखों रुपये कीमत वाले  लोहे के एंगल, राड तथा स्क्रैप चोरी कर ले गए हैं। उसकी डिटेल बना कर बाद में दी जाएगी। राजिंदर पाल ने कहा कि आरोपितों का सुराग लगाने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की जा रही है।

फैक्ट्री से फ्लैक्स बाल चुराने वाले दो गिरफ्तार

लुधियाना में फोकल प्वाइंट स्थित फैक्ट्री से बोरिंग का फ्लैक्स बाल चोरी करने के आरोप में थाना फोकल प्वाइंट पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ केस दर्ज करके मंगलवार उन्हें अदालत में पेश किया गया। जहां से रिमांड हासिल करके कड़ी पूछताछ की जा रही है। एएसआई गुरमीत सिंह ने बताया कि उनकी पहचान राजीव गांधी कालोनी निवासी मनोज कुमार तथा जीवन नगर की गली नंबर 18 निवासी मिथलेश कुमार के रूप में हुई। पुलिस ने न्यू गुरु नानक नगर की गली नंबर 3 निवासी मेहर सिंह की शिकायत पर उनके खिलाफ केस दर्ज किया। अपने बयान में उसने बताया कि वो फोकल प्वाइंट फेस-8 स्थित राघव इंडस्ट्रीज में बतौर मैनेजर कार्यरत है। फैक्ट्री में लगे बोर का फ्लैक्स बाल खराब होने के कारण उसे खोल कर फैक्ट्री में रखा हुआ था। रविवार रात फैक्ट्री के पीछे से घुस कर कोई उसे चाेरी करके ले गया। पड़ताल के दौरान पता चला कि वो चोरी दोनों आरोपितों ने ही की है। गुरमीत सिंह ने कहा कि दोनों का पुराना रिकार्ड चेक किया जा रहा है। उनसे की जा रही पूछताछ में कई अहम खुलासे होने की संभावना है।

chat bot
आपका साथी